झांसी। नौ महीने पहले हुई युवक कमलेश यादव की हत्या के खुलासे के लिए अब नई टीम गठित की गई है। एसपी सिटी की अगुवाई में बनाई गई चार सदस्यीय टीम में तीन सीओ को शामिल किया गया है। इसके साथ ही अब पुलिस ने नये सिरे से मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। अब इस मामले में 202 लोगों से पूछताछ की जा चुकी है।
रक्सा के सिजवाहा निवासी युवक कमलेश यादव (30) की 14 जनवरी 2022 की रात सीपरी बाजार थाना इलाके में रॉयल सिटी के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इससे पहले उसके साथ बेरहमी से मारपीट भी की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ था। इस सनसनीखेज हत्याकांड के नौ महीने बाद भी पुलिस हत्यारे का पता नहीं लगा पाई है। यहां तक कि अब तक हत्या का कारण तक सामने नहीं आया है। जबकि, इस दरम्यान इस मामले की विवेचना दो इंस्पेक्टर व एक सीओ भी कर चुके हैं। बावजूद, पुलिस के हाथ खाली बने हुए हैं।
अब इस घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने एसपी सिटी राधेश्याम राय के नेतृत्व में टीम गठित की है, जिसमें सीओ सिटी, सीओ सदर व सीओ मोंठ को शामिल किया गया है। टीम ने मामले की नए सिरे से विवेचना शुरू कर दी है।
147 गाड़ियों को ट्रेस कर की जा चुकी पूछताछ
झांसी। कमलेश यादव हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस 202 लोगों से पूछताछ कर चुकी है। घटना के दरम्यान उस सड़क से गुजरीं 147 गाड़ियों को ट्रेस कर पुलिस ने उसमें सवार लोगों से भी पूछताछ की थी। बावजूद इसके पुलिस के हाथ खाली ही बने हुए हैं। घटना के कई महीनों बाद दिल्ली में कमलेश यादव का फोन खुलवाया गया था। इसके बाद भी पुलिस के हाथ कुछ नहीं लग पाया।