झांसी। ससुराल से वापस अपने घर बाइक से लौट रहे युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। घिसौली के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक हादसे का शिकार हुआ।
रक्सा के अथाई मुहल्ला निवासी रघुवीर वर्मा के पुत्र हेमंत कुमार वर्मा (32) बिजौली स्थित एक फैक्टरी में काम करते थे। रविवार को वह पत्नी व बच्चों को छोड़ने अपनी ससुराल ग्वावली गए हुए थे। वहां से वह रात में बाइक से अकेले लौट रहे थे।
इसी दरम्यान घिसौली के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने उन्हें पहचान लिया और दुर्घटना की सूचना ससुराल के लोगों को दी। मौके पर पहुंचे ससुराली उन्हें मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिवार में मां त्रिवेणी देवी, पत्नी ज्योति के अलावा चार बच्चे मिष्ठी (8), सृष्टि (6), परी (5) व समर (2) हैं। पिता की लगभग बीस साल पहले मौत हो चुकी है।