झांसी। अब रेलवे लगातार ट्रेनों की संख्या में बढ़ोतरी कर रहा है। रेलवे ने खजुराहो से उदयपुर के लिए एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शुरू किया है। यह ट्रेन झांसी से दोपहर 1.40 बजे चलकर अगले दिन सुबह 6.35 बजे उदयपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन से जयपुर, भरतपुर, अजमेर के लिए यात्रियों को सहूलियत मिलेगी।
कोरोना काल में ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया था। जून महीने से रेलवे ने ट्रेनों का संचालन शुरू किया। इसके बाद से धीरे-धीरे ट्रेनों की संख्या बढ़ रही है। वहीं खजुराहो से उदयपुर के लिए ट्रेन का संचालन किए जाने की मांग की जा रही थी। अब रेलवे ने इस ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया है। गाड़ी संख्या 09666 उदयपुर से 19 फरवरी से शुरू कर दी गई है। जबकि गाड़ी संख्या 09665 खजुराहो से 21 फरवरी से संचालित होगी। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक खजुराहो से ट्रेन सुबह 9.25 से बजे चलकर मऊरानीपुर, निवाड़ी के रास्ते दोपहर 1.40 बजे झांसी आएगी और उदयपुर सुबह 6.35 बजे पहुंचेगी। जबकि ट्रेन उदयपुर से रात 10.10 बजे चलकर दोपहर 02.05 बजे झांसी आएगी और शाम 6.50 बजे खजुराहो पहुंचेगी।