अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। राजकीय अस्पतालों में गंदे अथवा फटे चादर बिछाने आदि के आरोप लगते हैं। इन आरोपों पर विराम लगाने के लिए शासन ने प्रत्येक दिन बिछने वाले चादरों का रंग तय कर दिया है। यही नहीं, हर रोगी को तकिया उपलब्ध कराने के भी आदेश कर दिए हैं।
पुरुष एवं महिला जिला अस्पताल, सीएचसी व पीएचसी पर रोगियों के बेड पर कभी गंदा चादर नहीं बदलने तो कभी फटा चादर बिछने के आरोप लगते रहते हैं। इन आरोपों पर विराम लगाने के लिए शासन ने हर दिन के हिसाब से अलग रंग का चादर बिछाने का आदेश कर दिया है। सोमवार को सफेद, मंगलवार को नारंगी या पीच, बुधवार को हरा, बृहस्पतिवार को पीला, शुक्रवार को पिंक या हरा, शनिवार को गहरा नीला या बैंगनी और रविवार को लाल, भूरा या अन्य रंग का चादर बिछाई जाएगी। वहीं, महानिदेशक डॉ. रतनपाल सिंह सुमन ने आदेश जारी करते हुए कहा है भर्ती हर रोगी के बेड पर तकिया भी उपलब्ध कराया जाए। इसमें किसी भी तरह की हीलाहवाली नहीं होनी चाहिए। सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने बताया जिस दिन जिस रंग का चादर बिछने के आदेश हैं, उसका पालन करने के लिए आदेश कर दिए हैं। तकिया की भी जल्द से जल्द व्यवस्था की जाएगी।