बेतरतीब वाहनों की आवाजाही, अतिक्रमण और जगह-जगह खड़े ऑटो के कारण संकरे हो चुके बड़ाबाजार के जल्द ही अपने पुराने स्वरूप में दिखने की उम्मीद जागी हैं। अमर उजाला में बड़ाबाजार की बदहाली का समाचार छपने के बाद वहां पहुंचे सीओ सिटी ने व्यापारियों से वार्ता कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए यहां ऑटो चालकों के लिए वन-वे ट्रैफिक करने का निर्णय लिया है। यहां की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का दावा पिछले सप्ताह कोतवाल ने भी किया था, लेकिन ऑटो चालकों की मनमानी के आगे उनका दावा हवाई साबित हुआ।
शुक्रवार को अमर उजाला में ‘बस नाम का ही रह गया बड़ाबाजार’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित हुआ था। इस पर सीओ सिटी संजय कुमार शर्मा ने बड़ाबाजार का भ्रमण किया और व्यापारियों की परेशानियों को सुना। ऑटो चालकों की अराजकता और ठेले वालों के अतिक्रमण से परेशान हो रहे ग्राहक और व्यापारियों को इनसे निजात दिलाने के लिए बाजार को ऑटो चालकों के लिए वन-वे कर दिया जाएगा। इसका ट्रायल रविवार को किया जाएगा।
बड़ाबाजार की समस्याओं को देखते हुए अमर उजाला में पूर्व में प्रकाशित हुए समाचार के बाद कोतवाल आशीष मिश्रा ने व्यवस्थाओं को सुधारने का दावा किया था। उन्होंने व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की जिम्मेदारी होमगार्डों को सौंपी थी, जो ऑटो चालकों की मनमानी पर रोक लगाने में सफल नहीं हो सके। कोतवाल के असफल होने पर सीओ ने व्यवस्थाएं दुरुस्त की। कोतवाली प्रभारी आशीष मिश्रा का कहना है कि आसपास के बाजारों को अतिक्रमण मुक्त बनाने का काम चल रहा है। कुछ व्यवस्थाएं सफल नहीं हो पाती हैं। योजना बनाई जा रही है जल्द ही परिणाम सामने आएंगे।
ये होगी व्यवस्था
सीओ सिटी संजय कुमार शर्मा ने बताया ऑटो बकरा मंडी से होकर घास मंडी तक आएंगे। यहां से सवारियों को उतारेंगे और बैठाएंगे। यहीं से लक्ष्मी गेट होकर निकल जाएंगे। बाजार के अंदर सिर्फ स्कूली बच्चों को बैठाकर आने वाले ऑटो ही प्र्रवेश करेंगे। यह व्यवस्था रविवार से लागू होगी। तीन दिनों का ट्रायल करके देखा जाएगा और सफल होने पर यह व्यवस्था लागू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि ट्रायल के दौरान एक कांस्टेबल और एक होमगार्ड तैनात होगा। शनिवार को ट्रांसपोर्टर्स की बैठक में उनके लिए भी समय निर्धारित किया जाएगा और वह तय समय में ही बाजार में सामान ला पाएंगे। इसके अलावा बाजार में लगने वाले ठेले वालों को तय स्थान पर लगवाने के लिए चौकी प्रभारी को निर्देशित करेंगे।
साथ में
सीओ सिटी आ रहे हैं, जल्दी भागो
सीओ सिटी के बड़ा बाजार भ्रमण की जानकारी होते ही कोबरा पुलिस के जवानों ने बड़ा बाजार के चौराहे पर लगे ठेले वालों को हटा दिया। कुछ ही समय में चौराहा और सड़क पूरी तरह खाली हो गईं। सीओ संजय कुमार शर्मा के बाजार पहुंचने के कुछ मिनट पहले तक सुभाष गंज की ओर से आने वाले रास्ते के सामने ठेले वालों ने अतिक्रमण कर लिया था। डिवाइडर पर लगने वाले ठेलों के आगे और पीछे एक-एक ठेला और लगा हुआ था। उनके आने सूचना मिलने पर कोबरा पुलिस के जवानों ने सभी को खदेड़ दिया।
व्यापारियों के सुझाव
- राजेश बिरथरे - वर्षों से डिवाइडर पर ठेले लग रहे थे। अब सड़क और चौराहा घेरकर खडे़ हो जाते हैं। अतिरिक्त ठेलों को हटाया जाए।
- राजकुमार डेंगरे - ऑटो चालक सागर गेट से आएं और लक्ष्मी गेट से जाएं। बाजार में ऑटो चालक न घुसने पाएं।
- अतुल जैन - ट्रांसपोर्टर्स को माल लाने का समय निर्धारित कर दिया जाए। पकड़े जाने पर कार्रवाई ठेले वालों पर नहीं की जाए, बल्कि जिनका माल हो उन पर हो।
- कमल सहगल - रामलीला मंच के सामने लग रहे ठेले वालों को हटाया जाए। डिवाइडर पर ही लगें ठेले।