झांसी। झांसी-बबीना मार्ग स्थित हंसारी ट्रांसफार्मर के नजदीक बेसमेंट की खोदाई के दौरान बगल का दो मंजिला मकान धराशाई हो गया था। मौके पर पहुंची जेडीए की टीम ने जांच के दौरान अवैध रूप से बेसमेंट का निर्माण होना पाया था। जेडीए द्वारा स्वामी वीरेंद्र खटीक को नोटिस जारी किया है।
विगत दिवस हंसारी में बेसमेंट की खोदाई के दौरान बगल के मकान में दरार आ गई थी। पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया था। जिसके चलते क्षेत्र में भगदड़ मच कई थी। गनीमत रही की उस समय मकान पूरी तरह से खाली था और कोई बड़ा हादसा होने से बच गया। वहीं दो अन्य मकानों में भी दरार आने के कारण मौके पर पहुंची पुलिस ने सावधानी पूर्वक दोनों मकानों को खाली कराया था। सूचना मिलते ही झांसी विकास प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची व गहनता से निरीक्षण किया था। जेडीए ने कार्रवाई करते हुए स्वामी को नोटिस जारी किया है। इस संबंध में झांसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सर्वेश कुमार दीक्षित ने बताया कि बेसमेंट का निर्माण बिना अनुमति के कराया जा रहा था। स्वामी को नोटिस जारी किया गया है।