झांसी। रेल प्रशासन ने चित्रा चौराहे के निकट एक सरकारी बंगले में आलीशान होटल और रेस्टोरेंट खोलने वाले व्यक्ति को नोटिस जारी किया है। नोटिस में बिना अनुमति के बंगले के अंदर वाणिज्यिक गतिविधि शुरू करने पर जवाब मांगा गया है। बंगला 99 साल की लीज पर है।
अमर उजाला ने 26 अक्तूबर को अपने अंक में प्रकाशित किया था कि चित्रा चौराहे से रेलवे स्टेशन मार्ग पर स्थित एक सरकारी बंगले में एक व्यक्ति ने वाणिज्यिक लाभ के लिए अपने बंगले को होटल और रेस्टोरेंट का रूप दे दिया है। बंगले में शानदार रेस्टोरेंट और कमरे तैयार किए गए हैं। बंगला परिसर में शानदार गार्डन और पोर्च बनाया गया है। बंगले के बाहर कल्याणम् लिखा है। नवरात्र में ही इसका शुभारंभ हुआ है। बंगले में वाणिज्यिक गतिविधि शुरू करने की कोई अनुमति नहीं ली गई। रेल प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी कर दिया है। इस संबंध में जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बंगले को 99 साल के लिए लीज पर दिया गया है। लीज पर दिए बंगले में बिना अनुमति के वाणिज्यिक उपयोग नहीं किया जा सकता है। संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी कर वाणिज्यिक गतिविधि शुरू पर जवाब मांगा गया है। जवाब से संतुष्ट न होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह भी जानिए
रेलवे ने अपने कई बंगलों को लीज पर दे रखा है। इनमें ही कुछ बंगले चित्रा चौराहा से रेलवे स्टेशन मार्ग पर स्थित हैं। यह बंगले आजादी से पहले 99 साल के लिए लीज पर दिए गए थे। लीज का वक्त साल 2035 के करीब पूरा हो जाएगा।