झांसी। कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए शासन काफी गंभीर है। इसी के चलते जिले में नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। अब शासन ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सिर्फ आंकड़े नहीं, कोरोना को लेकर प्रतिदिन की समीक्षा और विश्लेषण की रिपोर्ट भेजें। यदि शासन स्तर से कोई नीतिगत बदलाव की जरूरत है तो भी सुझाव दें।
मुख्य सचिव राजेंद्र तिवारी की तरफ से प्रदेश के सभी जिला नोडल अधिकारियों को लिखे पत्र में निर्देश दिया है कि 16 जुलाई को कार्यक्रम कार्यान्वयन विभाग के पत्र में जनपद आवंटित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया था कि कोविड-19 संक्रमण के दृष्टिगत बिंदुवार समीक्षा की जाए। अभी प्राप्त हो रही आख्या में मुख्य सिर्फ आंकड़े ही भेजे जा रहे हैं, जो कि राज्य स्तर पर पूर्व से ही उपलब्ध हैं। ऐसे में मरीज के भर्ती होने से लेकर एंबुलेंस, सर्विलांस की गुणवत्ता समेत विभिन्न अहम बिंदुओं पर समीक्षा और विश्लेषण रिपोर्ट भेजनी होगी।
इन बिंदुओं पर मांगी रिपोर्ट
- कांटेक्ट ट्रेसिंग
- सर्विलांस की गुणवत्ता
- एंबुलेंस का रिस्पांस टाइम
- टेस्टिंग के लिए सैंपल की गुणवत्ता
- कोविड के कारण हो रही मौतों का ऑडिट
- कोरोना से मृत्यु कम करने के लिए प्रयास
- मरीज को समय से सही अस्पताल और होम आइसोलेशन भेजा
- होम आइसोलेशन अनुमन्य व्यक्तियों का आरआरटी से अनुश्रवण