वाणिज्य कर विभाग ने जीएसटी पोर्टल में नामांकन कराने की डेट तो नहीं बढ़ाई, लेकिन अभी ऑनलाइन साइट को बंद भी नहीं किया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अभी 20 जनवरी तक साइट खुली रहेगी, जिसका लाभ पंजीकृत कारोबारी ले सकते हैं।
एक जुलाई से जीएसटी लागू होना है। इसके लिए करोबारियों को जीएसटी पोर्टल पर अपना ब्यौरा माइग्रेट कराना जरूरी है और यह काम उन्हें खुद करना है। इसके लिए सभी पंजीकृत कारोबारियों के मोबाइल व ईमेल पर लॉगइन आईडी और पासवर्ड भेज दिए गए हैं। व्यापारियों को इनरोलमेंट (नामांकन) कराने के लिए 17 जनवरी तक की तिथि दी गई थी। हालांकि, इसके बाद भी 18 जनवरी को नामांकन कराने के लिए जीएसटी पोर्टल की साइट खुली रही। इससे बुधवार को भी वाणिज्य कर कार्यालय में नामांकन कराने के लिए कारोबारियों की भीड़ लगी रही। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि 20 जनवरी तक साइट खुली रहने की उम्मीद है।
मंडल के तीनों जनपद में पंजीकृत 19704 कारोबारियों में 12063 अपना नामांकन करा चुके हैं। अभी नामांकन के लिए साइट खुली हुई है, बचे कारोबारी इसका लाभ ले सकते हैं। नामांकन नहीं कराने वाले कारोबारियों के पंजीयन निरस्त करने की कार्रवाई शुरू हो जाएगी।
शशांक शेखर मिश्रा, ज्वाइंट कमिश्नर
एक हजार कारोबारियों के पंजीयन निरस्त
वाणिज्य कर विभाग ने पिछले लंबे समय से रिटर्न दाखिल नहीं करने वाले मंडल के तीनों जनपदों (झांसी, ललितपुर और जालौन) के एक हजार कारोबारियों के पंजीयन निरस्त कर दिए हैं। विभाग ने इस बात की जानकारी संबंधित कारोबारियों को भेज दी है।
तिमाही रिटर्न फार्म जमा करने की तिथि बढ़ाने की मांग
आयकर अधिवक्ता संघ की बैठक में तिमाही रिटर्न फार्म जमा करने की तिथि बढ़ाकर 24 जनवरी से 31 जनवरी करने की मांग की गई। अध्यक्ष विजय खन्ना ने कहा कि जीएसटी पोर्टल में नामांकन करने की व्यस्तता के कारण तिमाही रिटर्न फार्म तय तिथि तक जमा करना मुमकिन नहीं हो रहा है। इस कारण तिथि को बढ़ाया जाए। इस मौके पर अभय शर्मा, अनिल गुरुनानी, जीएस सलूजा, सुषमा अग्रवाल, राकेश झा, ओेमप्रकाश अग्रवाल, हरिकृष्ण सक्सेना, राकेश अग्रवाल उपस्थित थे।