झांसी। गर्मी में जनपद में बिजली की किल्लत नहीं झेलनी होगी। विद्युत विभाग के पास बिजली की पर्याप्त व्यवस्था है। ललितपुर के बजाज पावर प्लांट की बिजली ग्रिड में नहीं जा रही है, जिससे यह बिजली भी झांसी व ललितपुर जिले को मिल रही है।
उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन ने झांसी जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में चार घंटे व महानगर में दो घंटे कटौती के आदेश दे रखे हैं। महानगर में सुबह दस बजे से बारह बजे तक व ग्रामीण क्षेत्र में सुबह दस बजे से बारह बजे तक व डेढ़ बजे से दोपहर साढ़े तीन बजे तक कटौती के आदेश है। हालांकि, ओवर लोडिंग के कारण उक्त रोस्टर के हिसाब से कटौती करना संभव नहीं हो पा रहा है।
इस कारण हंसारी पावर हाउस कंट्रोल ने सभी सब स्टेशनों पर अलग-अलग दो घंटे की कटौती करने के आदेश दिए हैं। मगर स्थितियां इससे भी बेहतर बनी हुई है। कई बार तो सिर्फ एक घंटे की ही कटौती हो रही है। दरअसल, ललितपुर में बजाज पावर प्लांट की तीनों 660 मेगावाट की इकाइयां बनकर तैयार हो गई है। इनमें एक इकाई से लगातार उत्पादन किया जा रहा है।
चूंकि, प्लांट में बनने वाली बिजली को पश्चिमांचल ग्रिड आगरा को दी जाती है और अभी ललितपुर से आगरा तक ग्रिड लाइन बनकर तैयार नहीं हुई है। इस कारण प्लांट की लाइट अभी झांसी व ललितपुर को ही दी जा रही है।
बिल बचाने के लिए बंद रखे इनवर्टर
विद्युत उपभोक्ताओं को भरपूर बिजली मिलने के कारण उनके इनवर्टर भी जल्दी चार्ज हो जा रहे है। फुल चार्जिंग के बाद भी अगर इनवर्टर में विद्युत सप्लाई चालू रहती है तो इससे मीटर यूनिट बढ़ती रहती है। उपभोक्ता अगर ऐसी स्थिति में इनवर्टर की सप्लाई बंद कर दे तो बिजली के बिल में बचत कर सकते है।