फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गर्मी में न जाए बिजली, इसकी पहले ही तैयारी कर लें अफसर

विज्ञापन
विकास भवन में अधिकारियों के साथ बैठक लेते ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा।
विज्ञापन
झांसी। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने शनिवार को विकास भवन में आयोजित मंडलीय समीक्षा बैठक में अफसरों को 31 मार्च तक बिजली ढांचे को दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि गर्मियों में लोगों को सुचारु रूप से बिजली मिलती रहे। उन्होंने विधायकों की शिकायतों को प्राथमिकता पर निपटाने के आदेश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर ठेकेदार गुणवत्तापूर्ण काम नहीं कर रहे हैं तो उनको जेल भेजा जाए। बिजली चोरी की आड़ में लोगों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं होगा।
विज्ञापन

बैठक में सांसद भानु प्रताप वर्मा ने बताया कि जालौन क्षेत्र में लाइनमैन व संविदा कर्मी मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं। जब चाहे आपूर्ति को रोक देते हैं। उनकी मनमानी रोकी जाए। विधायक रवि शर्मा ने झांसी महानगर के विस्तारित क्षेत्र में बस रही नई बस्तियों में प्राथमिकता पर कनेक्शन देने की बात कही। कहा कि अधिकारी बस्तियों को कॉलोनी बताकर लोगों को योजनाओं का लाभ देने से बचते हैं। उन्होंने बताया कि बिजौली के निकट नगर निगम में आने वाले चौखपाटा गांव में आज तक बिजली नहीं पहुंची है। बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा ने कहा कि सिंचाई के लिए अलग से फीडर बनना चाहिए। गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने कहा कि संविदा कर्मचारी ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों पर विभिन्न योजनाओं के फर्जी आंकड़े प्रस्तुत करने का आरोप लगाया। मऊरानीपुर विधायक बिहारी लाल आर्य ने कहा कि उनके क्षेत्र के 30 मजरों का अभी तक विद्युतीकरण नहीं हुआ है।
इसी तरह विधायक कालपी कुंवर नरेंद्र पाल सिंह ने ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, विधायक उरई गौरीशंकर ने सौभाग्य योजना में छूटे मजरों को छोड़ने, विधायक माधौगढ़ मूलचंद्र निरंजन ने नलकूप योजना का लक्ष्य बढ़ाने, ललितपुर विधायक रामरतन कुशवाहा ने सौभाग्य योजना से हर मजरे से बिजली न मिलने की बात रखी। इस मौके पर दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम की प्रबंध निदेशक सौम्या अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, निदेशक तकनीकी राकेश गुप्ता, निदेशक कार्मिक राकेश कुमार कुशवाहा, मुख्य अभियंता राजीव जैन, मुख्य अभियंता मनोज कुमार पाठक, एमएलसी रमा निरंजन, भाजपा जिलाध्यक्ष जमुना कुशवाहा, मुकेश मिश्रा आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

हर एसडीओ को बनाना होगा एक आदर्श सबस्टेशन
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि हर एसडीओ अपने क्षेत्र के एक सबस्टेशन को आदर्श बनाए। ऐसे सबस्टेशन पर बेहतर साफ- सफाई, रंगाई पुताई, सभी प्रमुख नंबरों का अंकित होना, कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट की व्यवस्था, फर्स्ट एड किट की उपलब्धता, संपर्क मार्ग पर जलभराव न होना, बिलों के भुगतान, चेक मीटर शुल्क, बिल संशोधन, स्वच्छ पेयजल, प्रसाधन आदि की व्यवस्था होनी चाहिए।
बाइक से पेट्रोलिंग करें अधिकारी
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि बिजली व्यवस्था को तभी सुदृढ़ बनाया जा सकता है, जबकि एक्सईएन, एसडीओ और जेई स्तर के अधिकारी बाइक पर बैठकर स्वयं पेट्रोलिंग करें।
अधिकारियों ने गिनाईं समस्याएं
ऊर्जा मंत्री को बैठक मेें अधिकारियों ने भी खुलकर अपनी समस्याएं बताईं। अधिकारियों ने कहा कि इंसुलेटर समेत कई उपकरण चायना के बने आ रहे हैं, जो जल्दी खराब हो जाते हैं। जहां- जहां पुराने तार डले हैं, वहां फाल्ट ज्यादा हो रहे हैं। कंपनियां ऑपरेटर व मीटर रीडरों के वेतन का समय से भुगतान नहीं करती हैं।
ज्ञापन सौंपे
ऊर्जा मंत्री को ज्ञापन सौंपकर भाजपा नेता किशोरी लाल रायकवार ने खरूआ देव विहार कॉलोनी तलैया में बिजली कनेक्शन देने व कुंवर लाखन सिंह ने खेतों पर निजी ट्यूबवेल लगाने वाले किसानों को खंभे, तार व ट्रांसफार्मर निशुल्क उपलब्ध कराने की मांग की।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें