लापता बेटी का तीन माह बाद भी नहीं लगा सुराग
झांसी। एक महिला ने मुख्यमंत्री से 22 मार्च से लापता अपनी पुत्री का पता लगाने की गुहार लगाई है। साथ ही पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी कारोबारी पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।
मुख्यमंत्री को भेजे प्रार्थना पत्र में तालबेहट के सर्राफा निवासी एक महिला ने बताया कि उनकी बेटी ही एकलौता सहारा है। वह झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र के छावड़ा बिल्डिंग में अस्थायी रूप से निवास करती थी। सोनी समाज से जुड़कर समाज सेवा का कार्य कर रही थी। विगत 23 मार्च 2019 को उसने फोन करके बताया था कि कारोबारी संजय वर्मा के साथ वह दुबई जा रही है। मगर, इसके बाद से उसका कोई पता नहीं है। मोबाइल नंबर बंद जा रहे हैं। पांच मई को कारोबारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। जबकि बेटी व कारोबारी से जुड़े दस्तावेज भी पुलिस को सौंप दिए हैं।