सख्ती : बिना हेलमेट नहीं मिलेगा पेट्रोल
डग्गामार वाहन होंगे सीज, लाइसेंस होंगे निरस्त, डीएम ने दिया आदेश
स्कूल खुलने से पहले वाहनों का होगा फिटनेस टेस्ट
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बिना हेलमेट लगाए दोपहिया वाहन लेकर पहुंचने वालों को पेट्रोल नहीं मिलेगा। यह आदेश जिलाधिकारी शिवसहाय अवस्थी ने गांधी सभागार में हुई बैठक में दिए। इसके अलावा स्कूली वाहनों की जांच, आरटीओ दफ्तर के पास खड़े होने वाले वाहनों का चालान कर डीएल निरस्त करने और डग्गामार वाहनों पर लगाम लगाने का सख्त आदेश परिवहन विभाग, शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागीय अधिकारियों को दिए।
उन्होंने परिवहन विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अधिकारी विभागीय कार्यों में रुचि लें। ताकि, जनता को आवागमन में असुविधा न हो। उन्होंने मेडिकल कालेज से लेकर बस स्टैंड तक खड़े वाहनों पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए और कहा कि ऐसे वाहनों का डीएल निरस्त किया जाए। अवध पार्किंग के कारण लगातार हो रहीं दुर्घटनाओं को रोकने, स्कूल खुलने से पहले बच्चों को लाने- ले जाने वाले सभी वाहनों की फिटनेस जांचने, विद्यालय प्रबंधन के साथ भी बैठक करने को कहा। वहीं स्कूली वाहनों में गैस किट लगाकर वाहनों का संचालन किया जा रहा है, जिससे पूर्व में घटनाएं घटित हो चुकीं हैं। इस संबंध में जारी गाइड लाइन/ मानकों का पालन सुनिश्चित कराने का आदेश दिया।
दूसरी ओर जिलाधिकारी ने बिना परमिट के डग्गामारी वाहन के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने, जनपद में ओवरलोडिंग को रोकने के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिए। इसके अलावा जनपद में एक से 31 जुलाई तक बालिका सुरक्षा अभियान चलाया जाएगा। अभियान में बालिकाओं की सुरक्षा संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। ग्रामीण क्षेत्र के बालिका स्कूलों को प्राथमिकता से लिया जाए और उन्हें सुरक्षा संबंधित जानकारी दें। बालिका स्कूल के आसपास पुलिस की तैनाती रहे। साथ ही एंटी रोमियो स्क्वायड को भी तैनात किया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) बी प्रसाद, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) नगेंद्र शर्मा, जिला विकास अधिकारी उग्रसेन सिंह यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिवंश कुमार, एआरटीओ विवेक शुक्ला मौजूद रहे।