झांसी। सोमवार को एक युवती ने दूसरे धर्म के एक युवक पर धोखेबाजी कर शादी के कागजात तैयार कराने, छेड़खानी करने और परिजनों को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। युवती के समर्थन में हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता भी उतर आए। इससे हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नवाबाद थाना इलाके की एक युवती सोमवार को पुलिस ऑफिस पहुंची। यहां उसने आरोप लगाया कि क्षेत्र के सद्दाम नामक युवक ने नौकरी लगवाने के लिए उससे उसके कुछ ऑरिजनल प्रमाण पत्र लिए थे। इन्हीं के आधार पर युवक ने निकाहनामा तैयार करा लिया। इसके बाद दबाव में लेकर न्यायालय में बयान भी करवा दिए। युवती ने आरोप लगाया कि युवक लगातार उसके साथ छेड़खानी करता है। विरोध करने पर धमकाता है। जातिसूचक गालियां देता है। इसकी सूचना पहले भी पुलिस को दी गई है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। युवती के समर्थन में हिंदू जागरण मंच के अध्यक्ष अंचल अड़जरिया, महामंत्री जयदीप खरे, महानगर अध्यक्ष श्रीराम नरवरिया समेत अन्य कार्यकर्ता भी उतर आए। उन्होंने इसे धर्मांतरण का मामला बताया। पुलिस कप्तान ने इस मामले में नवाबाद थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस पर पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी युवक सद्दाम, उसके भाई शहजाद, मां तथा दो अज्ञात पुरुष व दो महिलाओं के खिलाफ एससी /एसटी एक्ट, यौन उत्पीड़न, छेड़खानी व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। नवाबाद इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया आरोपियों की तलाश की जा रही है।