झांसी। नई साल में होने वाली पार्टी को लेकर इस बार रुझान कम नजर आ रहा है। ब्रिट्रेन में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन मिलने और मुंबई में नाइट लॉकडाउन लगने के कारण 31 जनवरी को नाइट पार्टी के लिए होटलों की बुकिंग पर असर पड़ा है। खुद होटल संचालक भी बुकिंग को लेकर असमंजस में हैं।
कोरोना वायरस के मामले नियंत्रित होने के बाद जनजीवन फिर से पटरी पर लौटने का पूरा प्रयास कर रहा है। इसी बीच, बिट्रेन से एक बुरी खबर सामने आई है। बिट्रेन में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन मिलने से हड़कंप मच गया है। वहां से आने वाली फ्लाइटों को भी भारत समेत कई देशों ने रद्द कर दिया है। सोमवार को मुंबई में भी नाइट लॉकडाउन लगा दिया गया। इससे भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति हो गई है। जेपी फॉर्म के प्रबंध निदेशक मुकेश अग्रवाल ने बताया कि नए साल में नाइट पार्टी को लेकर अभी कुछ तय नहीं है। मुंबई में नाइट लॉकडाउन होने के बाद से असमंजस पैदा हो गया है कि कहीं प्रदेश में भी ऐसा नियम लागू न कर दिया जाए।
हालांकि, नव वर्ष पर पार्टी को लेकर लोग संपर्क कर रहे हैं लेकिन वह बुकिंग नहीं कर रहे हैं। स्थिति स्पष्ट होने के बाद बुकिंग करेंगे। वहीं, होटल एंबियंस के जनरल मैनेजर अरविंद पटैरिया का कहना है कि नए साल में पार्टी के लिए अभी किसी भी प्रकार की बुकिंग नहीं की है। लोग पूछताछ के लिए आ रहे हैं। वहीं, होटल प्रभा के जनरल मैनेजर संदीप ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस बार 40 फीसदी लोगों में पार्टी को लेकर रुझान कम हैं। बुकिंग होने पर भी सौ के अंदर ही लोग पार्टी में शामिल हो सकेंगे। पहले दो सौ से ढाई सौ हो जाते थे।