झांसी में ग्रामीण की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है।अब पत्नी आरोपों से मुकर गई है। पत्नी का कहना है कि छत से गिर जाने की वजह से पति को चोट आई थी। पहले कहा था कि वोट न बताने की वजह से हुई मारपीट में जान गई।
झांसी के टांकोरी गांव में अपना वोट न बताने पर लाठियों से पीटकर ग्रामीण को मार डालने के मामले में सोमवार को नया मोड़ आ गया। उसकी पत्नी उर्मिला ने सोमवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर एक प्रार्थना पत्र देते हुए पिछले आरोपों से इनकार कर दिया। उसका कहना है उसका फर्जी अंगूठा लगाकर गांव के किसी व्यक्ति ने मुकदमा दर्ज करा दिया। उर्मिला के मुताबिक उसके पति की मारपीट से नहीं बल्कि छत से गिर जाने से मौत हुई थी।
विज्ञापन
थाना बड़ागांव के टंकोरी गांव में शुक्रवार को भगवत अहिरवार (42) की मौत हो गई थी। उस दौरान पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद उसकी पत्नी उर्मिला ने पुलिस को बताया कि गांव के अवधेश ने अपने साथियों संग उसके पति को वोट न बताने पर लाठियों से मारापीटा। भगवत ने इसकी पुलिस से शिकायत कर दी।
इसके बाद अवधेश ने अपने साथियों संग दोबारा नौ मार्च को फिर घर में आकर भगवत की पिटाई की। भगवत इसमें गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने उर्मिला की तहरीर पर अवधेश समेत तीन के खिलाफ धारा 304 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
विज्ञापन
सोमवार को उर्मिला एसएसपी कार्यालय पहुंची और एक प्रार्थना पत्र के जरिए अपने पूर्व के बयान से इनकार किया। उसका कहना है कि पति छत से गिर गए थे। इस वजह से चोट आ गई। बड़ागांव थाना प्रभारी परमेंद्र सिंह के मुताबिक मामले की विवेचना की जा रही है। उर्मिला का बयान भी शामिल किया जाएगा।