झांसी। जल्द ही रेलवे स्टेशन पर कंपनियों के नए उत्पादों की लॉचिंग शोरूम की तरह होती नजर आएगी। इसमें इच्छुक कंपनियों को एक साल के लिए जगह मुहैया कराई जाएगी। रेल राजस्व बढ़ाने के लिए यह प्रस्ताव स्वीकृति के लिए मुख्यालय भेजा गया है।
रेल प्रशासन राजस्व बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास में जुटा है। ट्रेन, प्लेटफार्म के अलावा अपनी जमीन का वाणिज्यिक उपयोग कर रहा है। रेलवे स्टेशन के सामने और चंद्रशेखर तिराहा के निकट जमीन को मल्टीप्लेक्स कांपलेक्स बनाने के लिए लीज पर दी गई है। विज्ञापन से राजस्व अर्जित किया जा रहा है। रेल प्रशासन अब कंपनियों के नए उत्पादों की लॉचिंग के लिए भी जगह देने जा रहा है। इसके लिए इच्छुक कंपनियों को स्टेशन पर कांच का शोरूम बनाने के लिए जगह दी जाएगी, जिसमें वह अपने नए उत्पादों का प्रचार प्रसार कर सकेंगे। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि इस योजना का प्रस्ताव मुख्यालय स्वीकृति के लिए भेज दिया गया है।