संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। आईआरसीटीसी (इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन) की वेबसाइट और मोबाइल फोन एप ने सोमवार को ई-टिकट बुक करने वाले यात्रियों को परेशानी में डाल दिया। ई-टिकट सेवा सुबह 10 बजे से 12 बजे तक बंद कर दी गई। जब सेवा बहाल हुई तो संस्था ने नए अकाउंट समेत अन्य सेवाएं मंगलवार शाम चार बजे तक निलंबित कर दीं। नए उपभोक्ता मंगलवार की शाम चार बजे तक ई-टिकट बुक नहीं कर सकेंगे।
रेलवे में आरक्षित टिकटों की 80 प्रतिशत बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट या रेल कनेक्ट मोबाइल फोन एप्लिकेशन से हो रही है। ऐसे में सोमवार को मेंटेनेंस के चलते वेबसाइट के ठप होने से यात्रियों समेत रेलवे को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्री ई-टिकट बुक नहीं कर सके। आईआरसीटीसी ने सूचना जारी कर बताया कि सोमवार शाम चार बजे से मंगलवार शाम चार बजे तक 24 घंटे के लिए वेबसाइट पर नए अकाउंट, पासवर्ड और नई प्रोफाइल बनाने पर रोक रहेगी। ऐसे में झांसी मंडल के ही 11 हजार यात्रियों को परेशान होना पड़ा। यात्रियों ने सेवा बहाली के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर भी कॉल किए, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। ट्रेनों में करंट टिकट बुक कराने वाले यात्री आरक्षण काउंटर की ओर भागते रहे।
मेंटेनेंस के कारण आईआरसीटीसी की वेबसाइट की कुछ सेवाएं निलंबित की गई हैं। कार्य पूरा होने के बाद मंगलवार शाम चार बजे से सभी सेवाएं बहाल हो जाएंगी। असुविधा से बचने के लिए यात्री टिकट खिड़की से भी बुकिंग करा सकते हैं। - मनोज कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, झांसी