केंद्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती ने कहा कि नीति योग ने जवाहर लाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीनीकरण मिशन का नाम बदल दिया है। अब यह अटल मिशन के नाम से संचालित की जाएगी। इस योजना के तहत जल्द ही झांसी की आगामी पचास साल तक के लिए पेयजल समस्या का समाधान किया जाएगा।
सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए स्थानीय सांसद उमा भारती ने कहा कि बहुप्रतीक्षित केन - बेतवा नदी लिंक परियोजना की सभी अड़चनों को दूर कर डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर ली गई है। इस योजना पर तेजी से काम शुरू होगा। गो मांस पर चल रहे बवाल के सवाल पर उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वह इस मामले को तूल देकर देश का सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की ओछी कोशिश कर रहा है। हालांकि, उन्होंने कहा कि गाय की अकाल मौत के लिए कहीं न कहीं हम सभी दोषी हैं। जगह - जगह लोग पालीथिन डाल देते हैं, जिसे खाने से गाय बीमार पड़ जाती हैं। उनके स्वास्थ्य के लिए हमें भी जागरूक होना होगा। इस दौरान उमा ने कहा कि कहा कि भाजपा सरकार का एक साल साफ - सुथरा बीता है। जबकि, यूपीए गठबंधन सरकार में हर दस माह में एक घोटाला सामने आता था।