झांसी। मंडलायुक्त के. राममोहन राव ने लापरवाह अफसरों पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की। उन्होंने दो अफसरों से स्पष्टीकरण मांगा, जबकि जेई का वेतन रोक दिया। उन्होंने कहा कि अफसर शासन द्वारा चयनित डा. राममनोहर लोहिया समग्र ग्रामों का भ्रमण कर वहां रात्रि विश्राम करें, जिससे ग्रामीणों को होने वाली समस्याओं से वह रूबरू हो सकें।
आयुक्त सभागार में हुई मंडलीय समीक्षा बैठक में उन्होंने सिंचाई समस्या का निस्तारण न होने पर मुख्य अभियंता से स्पष्टीकरण मांगा। सहायक निदेशक हथकरघा से भी उन्होंने स्पष्टीकरण मांगा। कार्यों में शिथिलता बरतने पर उन्होंने अवर अभियंता स्वास्थ्य विभाग का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
पैक्सपेड की डायरी मेंटेन न होने पर चेतावनी दी गई। उन्होंने राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना की समीक्षा करते हुए कार्यों की गति धीमी होने पर चिंता जताई। स्कूलों का निर्माण समय पर पूरा कराने के लिए कहा। ललितपुर में 17 के सापेक्ष 14 राजकीय हाईस्कूल ही बन पाए हैं, शेष का काम धीमा है।
झांसी में लक्ष्य के सापेक्ष संस्थागत प्रसव कम होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और इसमें सुधार लाने को कहा। उन्होंने चिरगांव में बन रहे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कार्यों की गुणवत्ता जांचने के निर्देश सीडीओ संजय कुमार को दिए। कमिश्नर ने अवैध शराब की बिक्री रोकने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत वसूली करने को कहा।