पंचवटी स्थित अंजनी माता मंदिर के पास नगर निगम की आठ एकड़ जमीन अवैध कब्जेदारों से मुक्त करा ली गई। नगर निगम की टीम ने जेसीबी की मदद से इन कब्जों को ढहा दिया। हदबंदी करा दी गई। वहीं, निर्माण विभाग ने जमीन पर लगाए गए खंभों को क्षतिग्रस्त करने और तार काटने वालों के खिलाफ अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पंचवटी स्थित नगर निगम की आठ एकड़ जमीन को सालों पहले कब्जा मुक्त कराया गया था। चिह्नीकरण के बाद निर्माण विभाग ने खंभे गाढ़कर उसके चारों ओर तार लगा दिए थे। नगर निगम के अधीन जमीन पर कोई निगरानी न होने के कारण कब्जाधारियों ने कब्जा करना शुरू कर दिया था। आलम ये हुआ कि वहां प्लाट तक काट दिए गए जिनका फाउंडेशन और बाउंड्रीवॉल तक बना ली गई। इसकी जानकारी होने पर नगर निगम ने मंगलवार को इन कब्जों को हटाने के लिए अभियान चलाया। मौके से करीब 30 अर्द्धनिर्मित निर्माण को ढहाया गया।
संपत्ति अधिकारी डॉ. पुष्पराज गौतम ने बताया कि जेसीबी के माध्यम से 22 फाउंडेशन बीम और एक दर्जन चहारदीवार को ध्वस्त कर जमीन को कब्जामुक्त कराया गया है। दूसरी ओर कब्जा करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के एवज में निर्माण विभाग की तरफ से कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
सुरक्षा के लिए नहीं मिली पुलिस
नगर निगम के कर्मचारी अपनी जमीन को कब्जामुक्त कराने के लिए कई दिनों से प्रयास कर रहे थे। कई बार थाना कोतवाली से सुरक्षा के लिए पुलिस की मांग की गई मगर चुनावी ड्यूटी के कारण सुरक्षा नहीं मिल पा रही थी। आखिर में नगर निगम के संपत्ति अधिकारी व अन्य कर्मचारियों ने मंगलवार को जमीन से कब्जे हटाना शुरू कर दिया। वहीं, कार्रवाई से पूर्व महापौर रामतीर्थ सिंघल ने मौका मुआयना कर जमीन को कब्जामुक्त कराने का आदेश दिया।
भानी देवी गोयल स्कूल के पीछे भी कब्जा
नगर निगम की एक नहीं बल्कि कई एकड़ जमीन पर कब्जा है। भानी देवी गोयल स्कूल के पीछे स्थित जमीन पर भी कई अवैध कब्जे किए गए हैं। उस पर भी महापौर रामतीर्थ सिंघल ने कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। महापौर ने बताया कि महानगर परिधि में ढाई हजार एकड़ जमीन है, जिसे चिह्नित किया जा रहा है। जहां कब्जा है उस जमीन से कब्जा हटाया जा रहा है।