झांसी। नगर निगम की लिफ्ट से गिरकर युवक की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस युवक की मोपेड से डीजल की कट्टी मिलने के बाद मामले को डीजल की चोरी से जोड़ती नजर आ रही है। ऐसे में नगर निगम में चल रहा डीजल चोरी का खेल सवालों के घेरे में आ गया है। मामले की जांच के लिए नगर आयुक्त ने चार सदस्यीय टीम का गठन किया है। साथ ही रात में नगर निगम में तैनात रहने वाले सुरक्षा गार्डों को कड़े निर्देश जारी किए हैं।
नगर निगम में बुधवार रात को युवक की मौत को लेकर बृहस्पतिवार को चर्चा का आलम रहा। युवक की मौत को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जाते रहे। पुलिस ने युवक की मोपेड से डीजल से भरी कट्टी बरामद की। इससे लग रहा है कि युवक नगर निगम परिसर में किसी से डीजल लेने आया था। ऐसे में सवाल खड़ा हो गया हैै कि नगर निगम से युवक को कौन डीजल दे रहा था? हालांकि नगर निगम से डीजल चोरी को लेकर पहले भी मामले सामने आ चुके हैं। नगर आयुक्त ने युवक की मौत को लेकर जांच के निर्देश दिए हैं। इसके लिए चार सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। टीम में प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एनएन वाजपेयी की अध्यक्षता में कर निर्धारण अधिकारी हरगोविंद यादव, अवर अभियंता देवीलाल शर्मा और प्रभारी नजारत कर अधीक्षक रामबाबू को जांच का जिम्मा सौंपा गया है। यह टीम रात के वक्त तैनात रहने वाले सुरक्षा गार्डों की स्थिति के साथ डीजल चोरी की आशंका की जांच भी करेगी। इसके साथ ही नगर आयुक्त ने सुरक्षा एजेंसी को नोटिस जारी किया है। मामले के बाद नगर निगम में हड़कंप मचा है।
बंद रहेगा नगर निगम का गेट
सुरक्षा एजेंसी के मुताबिक रात के वक्त नगर निगम में पांच सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं जो पूरे परिसर में गश्त भी करते हैं। इन्हें ठीक से ड्यूटी करने की हिदायत दी गई है। इसके साथ ही नगर आयुक्त ने निगम का गेट रात को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। बताया जाता है कि नगर निगम परिसर के अंदर कुछ आवास भी बने हैं जिसके चलते गेट बंद नहीं होते हैं। इसे लेकर अब वैकल्पिक व्यवस्था भी की जाएगी।
युवक की मौत को लेकर जांच टीम गठित की गई है, जो एक सप्ताह में रिपोर्ट देगी। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मुहैया कराई गई। साथ ही निगम परिसर में रात के वक्त तैनात सुरक्षाकर्मियों को लेकर निर्देश दिए गए हैं। मुख्य द्वार को बंद रखने के लिए भी कहा गया है। अवनीश राय, नगर आयुक्त