झांसी। नगर निगम में सालों से एक ही पटल पर जमे कर्मचारियों के पटल बदलने की मांग फिर से उठने लगी है। स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ ने नगर आयुक्त को पत्र सौंपकर कर्मचारियों के पटल बदलने और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को पदोन्नत करने का मुद्दा उठाया है।
दरअसल, नगर आयुक्त अवनीश राय ने कार्यभार ग्रहण करने के कुछ समय बाद लिपिकों के पटल परिवर्तन को लेकर प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की थी। इसे लेकर पार्षदों ने नगर आयुक्त को पत्र सौंपकर पटल न बदलने की मांग की। इसके बाद मामला ठंडे बस्ते में चला गया। अब कर्मचारियों ने पटल बदलने को लेकर सहमति जताई है। उप्र स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के मंडल अध्यक्ष रवि व्यास ने बैठक कर कर्मचारियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की पदोन्नति की गई। साथ ही निगम कार्यालय में सालों से एक ही पटल पर जमे लिपिकों का पटल बदलने की मांग की। साथ ही समय से वेतन दिए जाने का मुद्दा उठाया गया। इस मौके पर कर्मचारियों को सुचारु रूप से काम करने के लिए कहा गया। इस मौके पर कोषाध्यक्ष रमेश साहू समेत तमाम कर्मचारी मौजूद रहे।