झांसी। महानगर में करोड़पतियों के साथ सरकारी विभाग भी नगर निगम का लाखों रुपये का कर दबाए बैठे हैं। इन विभागों में बड़े राजस्व वाले विभाग और बैंक भी शामिल हैं। नगर निगम की ओर से विभागों के अधिकारियों को नोटिस जारी किए हैं।
महानगर में नगर निगम का करीब सात करोड़ रुपये बड़े बकायेदार दबाए बैठे हुए हैं। सालों से बकायेदारों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब नगर आयुक्त ने सख्ती की, तो कई लोगों की कुंडली खुलकर सामने आई। सूची में महानगर के कई बड़े सरकारी विभाग भी शामिल हैं। सूची के मुताबिक परिवहन निगम पर करीब 24 लाख रुपये, समाज कल्याण विभाग के हरिजन छात्रावास पर 31 लाख, इलाहाबाद बैंक पर 24 लाख, बीकेडी कॉलेज पर करीब छह लाख और आयकर विभाग पर भी साढ़े पांच लाख रुपये कर बकाया है।
नगर निगम अधिकारी द्वारा कई बार विभागों को नोटिस जारी किया जा चुका है, लेकिन विभागों की ओर से कर जमा नहीं किया गया। बताया जाता है कि कुछ विभागों की ओर से बजट न होने का हवाला दिया गया है। ऐसे में निगम को सरकारी विभाग की नुकसान पहुंचा रहे हैं। उप नगर आयुक्त अमित सिंह ने बताया कि सरकारी विभागों को भी कर जमा करने के लिए नोटिस भेजे गए हैं। कर जमा न करने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।