झांसी। शनिवार की शाम थाना प्रेमनगर क्षेत्र में पार्षद के पिता की गोली मारकर हत्या करने वाले हत्यारोपियों को पुलिस अब तक गिरफ्तार नहीं कर सकी। पुलिस इस मामले में कांग्रेस नेता व उसके भाई समेत चार लोगों पर एफआईआर दर्ज कर चुकी है।
शनिवार की शाम थाना प्रेमनगर इलाके के आजादपुरा नगरा निवासी वार्ड नंबर 10 के पार्षद पुष्पेंद्र यादव के पिता आजाद सिंह यादव की खेत से लौटते समय गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में कांग्रेसी नेता राजेंद्र सिंह यादव उनके भाई योगेंद्र सिंह यादव, पिंटू परिवार व एक अज्ञात पर हत्या की एफआईआर दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आ सके। पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश भी दी है। 48 घंटे से अधिक का समय बीतने के बाद अब भी आरोपी फरार हैं। एसपी सिटी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस की दबिश जारी है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।