झांसी। पिछले दिनों प्रेमनगर थाना क्षेत्र में पार्षद के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर परिजनों ने शनिवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। ज्ञापन भी सौंपा। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की मिलीभगत के चलते आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
वार्ड नंबर दस के पार्षद पुष्पेंद्र यादव ने बताया कि 20 दिसंबर को खेत से घर लौटते समय उनके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने कांग्रेसी नेता राजेंद्र सिंह यादव, भाई योगेंद्र सिंह यादव, पिंटू समेत एक अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस ने राजेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन अन्य आरोपियों को पुलिस अब तक गिरफ्तार नहीं कर सकी। आरोप है कि राजेेंद्र सिंह पर कई मुकदमे दर्ज हैं। परिजनों को जान का खतरा है। उनका आरोप है कि बीमारी का बहाना बनाकर आरोपी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया गया है। परिजनों पर राजीनामा का दबाव भी बनाया जा रहा है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनाें ने एसएसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रभारी एसएसपी राहुल मिठास को ज्ञापन देकर जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई।