- बैनामा में आराजी संख्या दूसरी और चौहद्दी नजूल की भूमि पर दिखाई
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। इलाइट चौराहे से झोकनबाग मार्ग पर नगर निगम की जमीन का सौदा कर दिया गया। मामले की जानकारी जब निगम के अधिकारियों को हुई तो उन्होंने नवाबाद थाने में मुकदमा दर्ज करने के लिए प्रार्थनापत्र दिया। अब विक्रेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।
दवा बाजार के पास नगर निगम की भूमि है। नवाबाद थाने में प्रार्थना पत्र देकर संपत्ति विभाग के कर अधीक्षक बृजेश वर्मा ने बताया कि मध्य प्रदेश के होशंगाबाद निवासी एक व्यक्ति ने पिछले साल मई में तीन लोगों को इस भूमि का बैनामा कर दिया। जांच के लिए राजस्व और नगर निगम की टीम से जांच कराने के लिए कमेटी का गठन किया गया। जांच में सामने आया कि विक्रेता ने बैनामा में कोई और आराजी संख्या दिखाई है। जबकि, चौहद्दी नजूल की भूमि में स्थित है, जो कि आपत्तिजनक है। जिस चौहद्दी का उल्लेख किया है, उसमें पहले से ही आबादी बसी हुई है। इसका मामला भी न्यायालय में लंबित है। ऐसे में विक्रेता ने तथ्यों को छुपाकर बैनामा किया है। इससे नजूल भूमि पर अतिक्रमण की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने विक्रेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। कर अधीक्षक ने बताया कि विक्रेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है।