झांसी। ग्यारह जून की रात को प्रेमनगर इलाके में रिटायर्ड रेलकर्मी की पत्नी की हत्या घर में ही उसकी नातिन ने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी थी। नातिन व उसके प्रेमी ने आवेश में आकर इतनी ताकत से दुपट्टे से गले में फंदा कसा था कि गले की हड्डी टूट गई थी। यह बात पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई है। नातिन के पास सिम व नींद की गोली पहुंचाने वाले युवक भी रडार पर हैं। पुलिस की पड़ताल में लगातार परतें खुलती जा रही हैं।
थाना प्रेमनगर क्षेत्र के नयापुरा मोहल्ले में 11 जून की रात रिटायर्ड रेलकर्मी की पत्नी मुमताज की उसकी नातिन व प्रेमी ने मिलकर गला दबाकर हत्या कर दी थी। पूछताछ में पता चला कि घटना वाली रात घर के कमरे में नातिन से मिलते समय दादी की आंख खुल गई थी। इस पर नातिन व उसके प्रेमी तरुण ने मिलकर गला दबाकर हत्या कर दी थी। दोनों ने ही बड़ी ताकत लगाकर दादी का गला कसा था, इससे हड्डी तक टूट गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह बात सामने आई है। पुलिस ने दोनाें को गिरफ्तार कर नातिन के नाबालिग होने के चलते उसे बालिका सुधार गृह भेज दिया। जबकि उसके प्रेमी को जेल भेज दिया। मामले में यह भी पता चला है कि आरोपी तरुण के दोस्त उसकी प्रेमिका के पास मोबाइल की सिम व नींद की गोलियां भी पहुंचाते थे। पुलिस दोस्तों की भी जानकारी जुटा रही है।
पानी से मिटाए थे सुबूत
मुमताज की हत्या कर दोनों सहम गए थे। उनको डर था कि कहीं पकड़े न जाए, इसको लेकर सबसे पहले गले व बदन से सुबूत मिटाने के लिए कपड़ा गीला कर से शव को पूरी तरह साफ किया था, ताकि फिंगर प्रिंट न आएं। इसके साथ ही लूटपाट दिखाने के लिए गमले तोड़कर भी कमरे में डाले थे।