झांसी। एक मोटर साइकिल पर सवार होकर पांच युवकों ने झांसी की सड़कों पर लॉकडॉउन के दौरान घूमते हुए वीडियो बनाया। इसके बाद इसे फेसबुक समेत अन्य सोशल साइट्स पर यह कहते हुए डाल दिया कि उनका पुलिस भी कुछ नहीं बिगड़ सकती। यही उनका स्वैग है।
युवकों के वीडियो अपलोड करते ही यह वीडियो वायरल हो गया। वीडियो नवाबाद पुलिस के पास भी पहुंच गया। पुलिस ने वीडियो में इस्तेमाल की गई बाइक में दर्ज नंबर प्लेट की तलाश की तब वह मेडिकल कैंपस में रहने वाले युवक के नाम निकली। इंस्पेक्टर ईश्वर सिंह की अगुवाई में पुलिस ने मेडिकल कैंपस में दबिश देकर सभी युवकों को पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों ने वीडियो बनाने की बात कुबुल की है। पकड़े गए युवकों में बंटी चौहान, विवेक चौहान, मोहित, नितिन परिहार सभी निवासी मेडिकल कैंपस एवं सनी निवासी करगुवांजी शामिल हैं। इंस्पेक्टर नवाबाद के मुताबिक सभी आरोपियों का महामारी एक्ट एवं कोविड उल्लंघन के आरोप में चलान कर दिया गया। वीडियो बनाने में इस्तेमाल की गई बाइक भी सीज कर दी गई है।