रविवार को सुबह कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत माताटीला बांध के सीताकुंड में पैर फिसलने से गिरी बेटी को बचाने में मां और नाना की पानी में डूबकर मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बच्ची को बचा लिया।
केरल के त्रिवेंद्रम की नाजिया आर हसन केन्द्रीय विद्यालय तालबेहट में अंग्रेजी विषय की अध्यापिका थीं। रविवार को वह अपने पिता हसनेर टीपी और अपनी पांच वर्षीय बेटी फैजी के साथ कपड़े साफ करने और नहाने माताटीला बांध स्थित सीताकुंड गईं थीं। कपड़े साफ करते समय फैजी का पैर फिसल गया जिससे वह पानी के तेज बहाव में बहने लगी। नाजिया ने उसे बचाने का प्रयास किया तो वह भी गहरे पानी में चली गई। यह देख फैजी के नाना हसनेर टीपी भी पानी में कूद गए।
तीनों पानी के बहाव में बहने लगे। इस दौरान आसपास मौजूद लोग पानी में कूद गए। मासूम फैजी को बचा लिया गया लेकिन मां नाजिया (32) और नाना हसनेर टीपी (60) की पानी में डूबने से मौत हो गई। सूचना पर सीओ देवेंद्र सिंह कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल बांध के गेटों को बंद करवा कर गोताखोरों से दोनों के शवों की तलाश करवाईऱ्। शवों को परीक्षण के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया।