झांसी। कोरोना संक्रमण के साथ महानगर में मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, लेकिन फॉगिंग का काम बंद है। नगर निगम की मशीनें कर्मशाला में धूल फांक रही हैं। जबकि लोग मच्छरों के बढ़ते प्रकोप के चलते परेशान हैं। पार्षद भी नगर आयुक्त से फॉगिंग कराने की मांग कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
महानगर में मच्छरों का प्रकोप रोकने के लिए नगर निगम ने कोरोना काल में सैनिटाइजेशन के साथ फॉगिंग कराने का काम शुरू किया था। इसके लिए नगर निगम ने 60 छोटी और 60 बड़ी मशीनों की खरीद की थी। लॉकडाउन के दौरान हर वार्ड में रोज फॉगिंग का काम होता था, लेकिन संक्रमण की रफ्तार कम होने से साथ फॉगिंग बंद कर दी गई। अब लगातार मौसम में आ रहे बदलाव के चलते मच्छरों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। साथ ही संक्रमण भी लगातार बढ़ रहा है, लेकिन फॉगिंग के इंतजाम ठप पड़े हुए हैं।
बताया जाता है कि फॉगिंग मशीनें नगर निगम की कर्मशाला में धूल फांक रही हैं। पिछले दिनों भाजपा पार्षदों ने भी नगर आयुक्त से फॉगिंग शुरू कराने की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। पार्षद दिनेश प्रताप सिंह बंटी राजा कहते हैं कि कूड़ा उठ नहीं रहा और गंदगी बढ़ने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। इसे लेकर नगर आयुक्त से शिकायत की थी, लेकिन कुछ नहीं हुआ। पार्षद प्रदीप नगरिया का कहना है कि फॉगिंग अब शुरू हो जानी चाहिए। मच्छर बढ़ने से लोगों को दिक्कत हो रही है। अपर नगर आयुक्त शादाब असलम का कहना है कि शिकायत के बाद फॉगिंग के लिए टीम भेजी जा रही है। जल्द ही सभी वार्डों में फॉगिंग का काम शुरू कराया जाएगा।