मौसम के तेवरों में तल्खी बरकरार है। भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। ऐसे में उल्टी, दस्त और डायरिया के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ गई है। जिला अस्पताल में पीड़ित मरीजों की सुबह से लेकर दोपहर तक लंबी-लंबी कतारें लगी रहती हैं। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कालेज समेत निजी क्लिनिक और अस्पतालों में खूब मरीज पहुंच रहे हैं।
सूरज के तेवर तीखे हैं। दिन भर चटक धूप खिली रहती है। मौसम विभाग ने इस सप्ताह से अच्छी बारिश की उम्मीद जताई थी, लेकिन बारिश बूंदाबांदी तक ही सिमट कर रह गई। इससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम की मार से उल्टी, दस्त और डायरिया के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। जिला अस्पताल की ओपीडी में मौसम जनित बीमारियों से पीड़ित रोजाना डेढ़ सौ से दो सौ मरीज पहुंच रहे हैं। इसमें बच्चों की संख्या भी खासी है। गंभीर हालत में पहुंचने वाले बीस-पच्चीस मरीजों को रोजाना अस्पताल में भर्ती करना पड़ रहा है।
जिला अस्पताल के फिजिशियन डा. डीएस गुप्ता ने बताया कि लगातार पड़ रही गर्मी की वजह से उल्टी, दस्त और डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ी हुई है। सामान्य दिनों की तुलना में इन दिनों चार गुना अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। बच्चे खासतौर पर इसका शिकार हो रहे हैं। हालांकि, अस्पताल में इलाज के समुचित इंतजाम हैं। दवाइयों की कोई कमी नहीं है। आवश्यकतानुसार मरीजों को ग्लूकोज भी चढ़ाया जा रहा है।
महिला चिकित्सालय में जल संकट
जिला महिला चिकित्सालय में जल संकट व्याप्त है। इससे मरीजों और उनके तीमारदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पीने के पानी का संकट तो बना हुआ ही है, साथ ही पानी की कमी की वजह से शौचालय तक साफ नहीं हो पा रहे हैं। अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. वसुधा अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल की बोरिंग सूख गई है और नलों ने भी पानी देना बंद कर दिया है। जल संस्थान के अधिकारियों को इस समस्या के बारे में बताया जा चुका है, परंतु समाधान नहीं हुआ है।
स्वास्थ्य के प्रति रहें सतर्क
........................................
- बासा खाना खाने से बचें
- पानी व पेय पदार्थों का खूब सेवन करें
- मौसमी फल खाएं, कटे हुए फल खाने से बचें
- मसालेदार और गरिष्ठ भोजन से बचें
- सफाई का विशेष ख्याल रखें
- घर का ही भोजन करें, बाहर खाने से बचें
- धूप में ज्यादा देर तक न रहें
- सिर को सीधी धूप से बचाएं, टोपी, गमछे का इस्तेमाल करें
चढ़ेगा पारा, बढ़ेगी गर्मी
सब हेड... इस सप्ताह तल्ख ही रहेेंगे मौसम के तेवर
- अगले सप्ताह है बारिश की उम्मीद
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। गर्मी से जल्द राहत मिलने के आसार नहीं है। इस सप्ताह मौसम का यही मिजाज रहने के आसार हैं। इससे तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। मौसम विभाग द्वारा अगले सप्ताह बारिश की उम्मीद जताई जा रही है।
देश के कई हिस्सों में मानसून दस्तक दे चुका है। झमाझम बारिश जारी है। लेकिन, यहां अभी सूखा ही है। बीच-बीच में कई बार बारिश के आसार तो बने, परंतु बादल बूंदाबांदी तक ही सिमट के रह गए। दिन भर चटक धूप खिली रहती है। इससे तापमान भी बढ़ा हुआ है। बुधवार को अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कृषि मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार इस सप्ताह मौसम का यही मिजाज रहने के आसार हैं। धूप खिलने से तापमान 43 डिग्री तक पहुंचेगा। जबकि, न्यूनतम तापमान में भी एक डिग्री की बढ़ोत्तरी की संभावना है। बीच-बीच में बादल तो छाएंगे, परंतु बारिश नहीं होगी। बूंदाबांदी के ही आसार हैं। हालांकि, अगले सप्ताह बृहस्पतिवार से अच्छी बारिश की उम्मीद है।