झांसी। जिला अस्पताल में बिना जांच कराए 100 से अधिक मरीजों को लौटना पड़ा। हजरत अली की यौमे पैदाइश के चलते अस्पताल में हाफ डे था। ऐसे में 11:30 बजे तक रक्त के सैंपल लिए गए। तभी तक अल्ट्रासाउंड समेत अन्य जांचें भी हुईं।
जिला अस्पताल में रोजाना 1000 से अधिक मरीज ओपीडी में दिखाने के लिए आते हैं। मंगलवार को भी अस्पताल में काफी भीड़भाड़ रही। मगर कई मरीजों को हाफ डे की जानकारी नहीं थी। ऐसे में डॉक्टर द्वारा लिखी गई जांचें कई मरीज 11:30 बजे के बाद कराने लैब पहुंचे। तब तक लैब में सैंपल लेने की प्रक्रिया बंद हो चुकी थी। अल्ट्रासाउंड भी साढ़े 11 बजे के बाद नहीं हुए। ऐसे में जांच कराने आए राजेंद्र सिंह, रेखा वर्मा और महमूद ने बताया कि अब फिर से जांच कराने के लिए दोबारा आना पड़ेगा। इससे उन्हें परेशानी होगी। पहले से पता होता हाफ डे हो जाएगा तो दिखाने के लिए आज नहीं आते।