फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jhansi News: मानसून सक्रिय, नदी-नाले उफनाए<bha>;</bha> आज भारी बारिश का अलर्ट

विज्ञापन
विज्ञापन
गुरसराय में 50 और मऊरानीपुर में 25 मिमी बारिश, कई मार्गों पर आवागमन प्रभावित
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। जिले में मानसून फिर सक्रिय होने के साथ कई ग्रामीण इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई। गुरसराय में 50 और मऊरानीपुर में 25 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। टोड़ी फतेहपुर और गरौठा क्षेत्र में तेज बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर आ गए और कई रपटे जलमग्न हो गए। इससे कई मार्गों पर घंटों आवागमन प्रभावित रहा। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

मूसलाधार बारिश से नदी-नाले उफनाए
टोड़ी फतेहपुर। क्षेत्र में बुधवार को करीब दो घंटे मूसलाधार बारिश हुई। इससे नदी-नाले उफान पर आ गए। पंडवाहा-बिजना मार्ग पर वैद्य के मंदिर के पास नाला उफनाने से रपटा जलमग्न हो गया। इसके चलते आवागमन अवरुद्ध हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। कुछ वाहन चालक जान जोखिम में डालकर जलमग्न रपटा पार करते नजर आए।
विज्ञापन

सूचना पर थानाध्यक्ष पवन जायसवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वाहन चालकों को जलमग्न रपटा पार न करने की हिदायत दी। करीब तीन घंटे बाद पानी कम होने पर यातायात सुचारु हो सका। वहीं, पथराई नदी का जलस्तर बढ़ने से बड़ागंज जाने वाले मार्ग पर बना रपटा भी जलमग्न हो गया। इससे यहां भी आवागमन बाधित रहा। संवाद

पोय नाला उफनाने से गुढ़ा-मारकुआं मार्ग बाधित
गरौठा/गुढ़ा। मंगलवार से लगातार हो रही बारिश के चलते क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित रहा। गुढ़ा गांव के पास से गुजरने वाला पोय नाला उफान पर आने से गुढ़ा-मारकुआं मुख्य मार्ग पर बुधवार को दिनभर आवागमन बाधित रहा। लोगों को जरूरी काम के लिए दूसरे रास्तों का सहारा लेना पड़ा। तेज बहाव के बीच मार्ग पार करने से हादसे का खतरा भी बना रहा।
ग्राम प्रधान चंद्रभान सिंह परमार ने बताया कि पोय नाला पर बना रपटा काफी नीचा है। नाले का जलस्तर बढ़ने पर पानी रपटे के ऊपर से बहने लगता है। मूसलाधार बारिश के दौरान स्थिति गंभीर हो जाती है। रपटे के दोनों ओर संकेतक भी नहीं लगाए गए हैं। संवाद

चार दिन बारिश के आसार, आज ऑरेंज अलर्ट
झांसी। शहर में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहे और कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई। हालांकि, गुरसराय और मऊरानीपुर क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई।
मौसम वैज्ञानिक आदित्य सिंह के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण मानसून फिर सक्रिय हुआ है। अगले चार दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है। अत्यधिक बारिश की चेतावनी को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को झांसी का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

नाले के तेज बहाव में बहा ग्रामीण, देर रात तक तलाश जारी
जलमग्न रपटे से गुजरते समय हुआ हादसा, पुलिस और ग्रामीणों ने देर रात तक की तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
टोड़ी फतेहपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम मदरवास में बुधवार शाम जलमग्न रपटे से नाला पार करते समय एक ग्रामीण तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। हादसे के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक उसका पता नहीं चल सका। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बुधवार को हुई मूसलाधार बारिश के कारण क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर हैं। मदरवास में भी रपटे के ऊपर से नाले का पानी तेज बहाव के साथ बह रहा था। शाम करीब 4:30 बजे मदरवास निवासी परमलाल का पुत्र राकेश नापित (45) मजदूरी कर घर लौट रहा था। रास्ते में पड़ने वाले झांसी नाले को पार करते समय वह अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गया और पानी में बह गया।
विज्ञापन

आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। सूचना पर थानाध्यक्ष पवन जायसवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से देर रात तक नाले में उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। एसडीएम मऊरानीपुर मनोज कुमार भारती ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और तलाश अभियान की स्थिति देखी। राकेश के लापता होने से पत्नी कमलेशी, पुत्रियां रीना और शीतल तथा पुत्र पीयूष का रो-रोकर बुरा हाल है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें