झांसी। थाना सीपरी बाजार क्षेत्र स्थित क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अनुसंधान संस्थान के प्रभारी पर एक महिला संविदा कर्मी ने छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर संस्थान के प्रभारी को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अनुसंधान संस्थान में तैनात एक महिला संविदा कर्मी ने सीपरी बाजार पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि 3 मार्च की शाम वह संस्थान में काम कर रही थी तभी केंद्र प्रभारी डॉ. एसएन मूर्ति बाहर घूमने की कहने लगे। ज्यादा जिद करने पर वह जाने को तैयार हो गई। इसी बीच रास्ते में उसके साथ छेड़खानी की गई। उसने इस बात को अनदेखा कर दिया। कुछ देर बाद ऑफिस आकर फिर से दफ्तर का काम करने लगी। आरोप है कि पुन: केंद्र प्रभारी ने गाड़ी की चाबी व मोबाइल देने के लिए बुलाया। इसके बाद पुन: छेड़छाड़ की। सीपरी प्रभारी निरीक्षक संजय गुप्ता का कहना है कि जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। डॉ.मूर्ति को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।