झांसी। जम्मूतवी से इंदौर जाने वाली मालवा एक्सप्रेस में सवार महिला यात्री से मंगलवार की रात एक युवक ने छेड़खानी कर दी। इससे चलती ट्रेन में हंगामा हो गया। जीआरपी ने झांसी में आरोपी युवक को उतारकर मुकदमा दर्ज कर लिया।
मंगलवार की रात जम्मूतवी से इंदौर जाने वाली मालवा एक्सप्रेस के एस टू कोच में एक महिला यात्री नई दिल्ली से इंदौर के लिए यात्रा कर रही थीं। सामने बर्थ नंबर 71 पर सवार आजमगढ़ निवासी विजय ने उनके साथ चलती ट्रेन में छेड़खानी कर दी। महिला के शोर मचाने पर अन्य यात्री जाग गए। बाद में यात्रियों ने युवक की जमकर खबर ली। इससे चलती ट्रेन में हंगामा हो गया। ट्रेन में चल रहे आरपीएफ स्क्वाएड ने घटना की जानकारी झांसी कंट्रोल को दी। ट्रेन के झांसी आने पर जीआरपी, आरपीएफ और टिकट चेकिंग स्टाफ मौके पर पहुंच गया। जीआरपी ने आरोपी युवक को ट्रेन से उतार लिया। महिला यात्री से लिखित शिकायत देने को कहा गया, लेकिन वे इसके लिए तैयार नहीं हुई। इस मामले में जीआरपी थाना प्रभारी अंजना ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।