झांसी। बीकेडी चौराहा के पास बाइक सवार बदमाश एक स्कूटी सवार छात्रा का मोबाइल छीनकर भाग निकले। युवकों ने पीछा किया तो घबराकर बदमाश बाइक छोड़कर भाग गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाइक को थाने भेजकर जांच शुरू कर दी है।
थाना सीपरी बाजार क्षेत्र की एक छात्रा बृहस्पतिवार की शाम मानिक चौक से घर जा रही थी। बीकेडी चौराहा के पास वह खड़े होकर मोबाइल फोन पर बात करने लगी। इसी बीच पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाश झपट्टा मारकर मोबाइल छीनकर भाग निकले। उनके पीछे बाइक से आ रहे युवकों ने देखा तो बदमाशों का पीछा किया। इससे घबराकर बाइक सवार बदमाश बाइक छोड़कर भाग निकले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक को थाने में भेजकर बदमाशों की तलाश में जुट गई है। बताया गया है दो दिन पहले भी बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक का मोबाइल छीनने का प्रयास किया था, लेकिन सफल नहीं हो सके थे। बीकेडी चौराहा पर मोबाइल छीनने की पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं।
धार्मिक भावनाएं भड़काने पर कार्रवाई की मांग
झांसी। तांडव वेब सीरीज के विरोध में बृहस्पतिवार को राष्ट्रभक्त संगठन ने पदाधिकारियों ने कार्रवाई की मंाग को लेकर कोतवाली में शिकायत पत्र दिया है। केंद्रीय अध्यक्ष अंचल अड़जरिया ने बताया कि तांडव वेब सीरीज में सैफ अली खान, मोहम्मद जीशान अयूब, अली अब्बास जाफर, सीरीज लिखने वाले लेखक व अन्य कलाकारों ने धार्मिक भावनाओं को आहत किया है। सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस मौके पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विजय जैन, रवि खटीक, आदित्य तिवारी, किशोर तिवारी, रोहन शाक्य, छोटू कुशवाहा, विशाल जीत, सत्या, अरुण कुशवाहा आदि मौजूद रहे।