झांसी। अकसर बेहद नीरस माना जाने वाला एमएलसी चुनाव इस बार एक-एक वोट की लड़ाई में फंस जाने से खासा दिलचस्प रहा। पहली वरीयता के मतों की गिनती से दोनों दलों के उम्मीदवारों के बीच रोचक जंग शुरू हो गई। सपा उम्मीदवार ने पांचवें चरण के बाद बढ़त बनानी शुरू की। उसके बाद डॉ. यज्ञदत्त लगातार उनके ठीक पीछे ही चलते रहे।
मतगणना आरंभ होने के बाद पहले चरण से ही पूरी लड़ाई सपा एवं भाजपा के बीच सिमट गई। हालांकि अटेवा एवं बसपा समर्थित उम्मीदवार ने दोनों ही उम्मीदवारों की तगड़ी चुनौती दी। पहले चरण से सपा की बढ़त शुरू हुई लेकिन, चौथे चरण में भाजपा उम्मीदवार ने सिर्फ बढ़त पाटकर दी बल्कि आगे भी निकल गए। हालांकि यह बढ़त सिर्फ चौथे चरण तक ही सीमित रह गई। पांचवें चरण में सपा उम्मीदवार मान सिंह ने 1810 वोट हासिल कर फिर बढ़त बना लिया। इसके बाद छठवें, सातवें, आठवें एवं नौवें चरण में भी सपा उम्मीदवार की बढ़त बरकरार रही। उनके खाते में कुल 18823 वोट आ चुके जबकि डॉ. यज्ञदत्त 16170 वोट ही जुटा सके। दसवें चरण में सपा को 598 वोट मिले जबकि भाजपा को 718 वोट मिले। लेकिन, तब तक सपा उम्मीदवार मान सिंह ढाई हजार की मजबूत लीड हासिल कर चुके थे। पहले वरीयता के वोटों में पिछड़ने के बाद भाजपा खेमा पूरी तरह मायूस हो उठा। वहीं, सपा खेमे में उत्साह दिखाई पड़ने लगा। उसके बाद दूसरी वरीयता के वोटों में भी सपा उम्मीदवार की लीड बरकरार रही। यहां से आखिरी गिनती तक सपा उम्मीदवार डा.मान सिंह अपनी बढ़त बनाए रखने में कामयाब रहे।
लड़ाई में कहीं नहीं दिखाई पड़ी कांग्रेस
पूरी मतगणना के दौरान कांग्रेस कहीं भी लड़ाई में नजर नहीं आई। पहले चरण में कांग्रेस उम्मीदवार अजय कुमार सिंह के खाते में महज 398 वोट आए। अगले चरणों में भी उनके मतों की इसी के इर्दगिर्द रही। सबसे अधिक मत 468 मत उनको दूसरे चरण में जबकि सबसे कम 144 मत पांचवे चरण में मिले। कांग्रेस उम्मीदवार के खाते में प्रथम वरीयता के महज 2353 वोट ही आए।
अटेवा एवं बसपा समर्थित उम्मीदवार ने दिखाया दम
कई चक्र में भाजपा उम्मीदवार से भी रहे आगे
झांसी। अटेवा उम्मीदवार डॉ. हरिप्रकाश यादव एवं बसपा समर्थित उम्मीदवार बताए जा रहे हरिश्चंद्र सिंह पटेल ने उम्मीद से अधिक वोट बटोरे। दोनों उम्मीदवारों के खाते में पहले चरण से ही अच्छे-खासे वोट आने लगे। हरिश्चंद्र पटेल को कई बार भाजपा उम्मीदवार से भी अधिक वोट हासिल हुए। छठें एवं सातवें चरण में हरिश्चंद्र को डॉ. यज्ञदत्त से ज्यादा वोट मिले। अटेवा उम्मीदवार डॉ. हरिप्रकाश ने भी जमकर वोट बटोरकर हैरान किया। हरिश्चंद्र को प्रथम वरीयता के जहां 7937 वोट मिले वहीं, डा.हरिप्रकाश को 5306 वोट मिले।