झांसी। राजस्व गांवों में तैनात सफाई कर्मियों के तबादले के बाद विवाद छिड़ गया है। सफाई कर्मचारी अपनी पुराने तैनाती स्थल को छोड़ने को राजी नहीं हो रहे हैं। इसके लिए वह विधायक से लेकर आला अफसरों तक की सिफारिशें लगवा रहे हैं। विधायकों ने भी उनके तबादले रुकवाने के लिए जोर लगाया है। डीपीआरओ कार्यालय में तबादला रुकवाने संबंधी करीब चार दर्जन से अधिक सिफारिशी पत्र आ चुके हैं।
जनपद की कुल 496 ग्राम पंचायतों में कुल करीब 824 राजस्व गांव हैं। हर राजस्व गांव में एक सफाई कर्मचारी तैनात हैं। इनमें करीब 330 सफाई कर्मी पिछले तीन से पांच साल से एक ही राजस्व गांव में तैनात रहे। इतने वर्षों तक एक जगह तैनाती होने से इनकी शिकायतें भी आनी शुरू हो गईं। कई जगहों पर सफाई कर्मियों के नियमित न आने की शिकायतें मिलीं। ग्राम प्रधान से लेकर सदस्य तक भी इनकी शिकायतें करने लगे।
इसके बाद पिछले सप्ताह इन कर्मचारियों के तबादले कर दिए गए लेकिन, तबादला लिस्ट जारी होते ही विवाद छिड़ गया। डीपीआरओ का कहना है कि जिनके तबादले हो चुके, उनको अपने स्थान पर ही जाकर ज्वाइन करना होगा।