गुरसराय। गरौठा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में अनियमित बिजली आपूर्ति को लेकर विधायक जवाहर लाल राजपूत ने नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव, ऊर्जा विभाग को पत्र भेजा है। पत्र में ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सुचारू सुनिश्चित कराने की मांग की गई है।
विधायक ने बताया कि गरौठा विधानसभा क्षेत्र के गांवों से लगातार बिजली बाधित होने की शिकायतें मिल रही हैं। मोंठ तहसील के गांवों में धान की सिंचाई के लिए नलकूपों और सरकारी ट्यूबवेलों पर बिजली आवश्यक है, पर वह नहीं मिल पा रही।
गरौठा, मऊरानीपुर, ककरवई, मोंठ, लोहागढ़, समथर, शाहजहांपुर और करकोस पावर हाउस से जुड़े फीडरों पर बिजली आने-जाने की समस्या है। इससे ग्रामीणों को घंटों बिजली कटौती झेलनी पड़ रही है और कई गांवों में मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। ककरवई, बरमाइन, घटयारी, सिया, खरका, अस्ता, देवरी, धनौरा, एवनी, पुंछी, उरई और जखौरा जैसे गांवों में अनियमित आपूर्ति की शिकायतें सामने आई हैं।