बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते विधायक रवि शर्मा।
- फोटो : संवाद
बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के चलने वाली गाड़ियों पर सख्ती की जा रही है। वहीं, सोमवार को सदर विधायक रवि शर्मा ने बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट वाली जनरथ बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में परिवहन निगम के अफसर भी मौजूद रहे। उन सबके सामने ही गाजे-बाजे के साथ बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट वाली बस को रवाना किया गया।
यह एसी बस झांसी से लखनऊ के बीच चलेगी। परिवहन निगम के अफसरों ने बताया कि पहली बस रोजाना सुबह 6:30 बजे झांसी से रवाना होगी। बीच रास्ते में उरई एवं कानपुर में स्टॉपेज होगा। इसके बाद यह लखनऊ पहुंचेगी। यह बस सुबह नौ बजे उरई पहुंचेगी। 11:45 बजे कानपुर एवं दोपहर दो बजे लखनऊ पहुंच जाएगी।
वहीं, इसके बाद शाम को दूसरी बस 6:30 बजे यहां से रवाना होगी। बस उरई उन्होंने बताया कि झांसी से उरई के लिए 281 रुपये, झांसी से कानपुर 559 रुपये एवं झांसी से लखनऊ 757 रुपये किराया देना होगा। सदर विधायक रवि शर्मा ने इसे जनता के लिए उपयोगी बताया। इस दौरान जगदीश सिंह, गोकुल दुबे, क्षेत्रीय प्रबंधक संतोष कुमार, वरिष्ठ लेखाकार करीम उल्ला खां, डिपो प्रभारी प्रतीक सोनी सहित अन्य मौजूद रहे।
रोडवेज अफसरों के पास जवाब नहीं
बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के जनरथ बस के संचालन को लेकर रोडवेज अफसरों के पास कोई भी जवाब नहीं है। जब इस बारे में क्षेत्रीय प्रबंधक संतोष कुमार से पूछने पर उन्होंने बताया कि हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट बल्क में बनकर आती है। इसमें माह भर का समय लगता है। उनका कहना है कि हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट आने पर उसे इसमें लगाया जा सकेगा।