अमर उजाला ब्यूरो/संवाद
झांसी/बबीना। तीन दिन से लापता युवक का सुकुवा-ढुकुवां बांध के पावर प्लांट में लगे टरबाइन में वहां काम करने वाले सफाईकर्मी का शव बरामद हुआ। वह घर से तीन दिनों से लापता था। शव मिलने की खबर मिलने पर परिवार के लोग रोते-बिलखते पहुंच गए। परिजन हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
बबीना निवासी मनोज (35) उर्फ मोनू पुत्र छक्की सुकुवां-ढुकुवां स्थित पावर प्लांट में संविदा पर काम करता था। परिजनों ने बताया कि तीन दिन से वह घर से लापता था। कई जगह तलाशने पर भी उसका सुराग नहीं मिला था। रविवार दोपहर नहर का पानी कम होने पर टरबाइन में उसका शव फंसा दिखा। यह देखकर वहां मौजूद कर्मचारियों ने बबीना पुलिस को सूचना दी। पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस की प्रारंभिक छानबीन के मुताबिक घर में विवाद की वजह से उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
शादी में जाने की बात कहकर प्लांट से छुट्टी ली थी। उसका शव मिलने की सूचना पर परिवार के लोग भी पहुंचकर हंगामा करने लगे। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की। बबीना थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। मनोज के परिवार में पत्नी भारती समेत तीन बेटी एवं एक बेटा है। मनोज ही परिवार का इकलौता कमाने वाला था। सीओ सदर रामवीर सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।