- एरच के छह गांवों में विकसित किया जा रहा है कॉरिडोर का झांसी नोड
संवाद न्यूज एजेंसी
एरच। डिफेंस कॉरिडोर का झांसी नोड गरौठा तहसील के छह गांवों में विकसित किया जा रहा है। यहां अगले साल मिसाइल बनाने के उपकरणों का उत्पादन शुरू हो जाएगा। इसके लिए भारत डायनामिक्स लिमिटेड (बीडीएल) के प्लांट का निर्माण जारी है। 50 फीसदी काम पूरा भी किया जा चुका है। शेष काम आठ माह में पूरा करने की तैयारी है।
उत्तर प्रदेश के छह शहर अलीगढ़, आगरा, झांसी, कानपुर, चित्रकूट व लखनऊ में डिफेंस कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है। कॉरिडोर के लिए सबसे ज्यादा जमीन 1034 हेक्टेअर झांसी में ली गई है। कॉरिडोर का झांसी नोड गरौठा तहसील के छह गांव एरच, गेंदा कबूला, कठर्री, लभेरा, इस्किल व ग्राम झबरा में विकसित किया जा रहा है। कॉरिडोर के झांसी नोड में पहली इकाई रक्षा मंत्रालय के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम भारत डायनामिक्स लिमिटेड द्वारा विकसित की जा रही है। कंपनी को 450 एकड़ जमीन दी गई है, जिसमें से 200 एकड़ में कंपनी निर्माण कार्य कर रही है। कंपनी यहां प्रशासनिक भवन, उत्पादन इकाई, कैंटीन, सुरक्षा भवन, फायर ऑफिस आदि जैसे 28 अलग-अलग भवनों का निर्माण कर रही है। भवनों का निर्माण जारी है और 50 फीसदी पूरा भी हो गया है। इसके अलावा सड़क, पानी, बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को विकसित करने का काम भी जारी है। आगामी आठ माह में निर्माण कार्य पूरा करने की तैयारी है।
बीडीएल के निर्माण सलाहकार अरुण कुमार ने बताया कि अगले एक साल में प्लांट में उत्पादन शुरू हो जाएगा। यहां मिसाइल बनाने में प्रयुक्त होने वाले उपकरण और बारूद तैयार की जाएगी। इससे बड़े पैमाने पर स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर हासिल होंगे।
0000
प्रधानमंत्री ने रखी थी आधारशिला
वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती के अवसर पर 19 नवंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झांसी आए थे। यहां उन्होंने किले पर आयोजित सेना के कार्यक्रम में भारत डायनामिक्स लिमिटेड (बीडीएल) की इकाई की आधारशिला रखी थी। इसके बाद कंपनी ने यहां अपनी इकाई का निर्माण शुरू कर दिया था। बता दें कि डिफेंस कॉरिडोर के झांसी नोड में पांच अन्य कंपनियों को भी जमीनें आवंटित की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कंपनियों की ओर से निर्माण शुरू नहीं किया गया है। केवल बीडीएल का ही काम जारी है।