झांसी। सरकारी योजनाओं के प्रचार प्रसार के लिए महानगर में दो और स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी। अभी इलाइट चौराहे पर विशाल स्क्रीन पर योजनाओं का प्रचार प्रसार हो रहा है। अन्य दो स्थानों पर स्क्रीन लगाने के स्थान तय किए जा रहे हैं।
विभिन्न चौराहों पर एलईडी पीपीपी मॉडल से लगाई जा रही हैं। इसमें एलईडी लगाने वाला केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के साथ प्रशासन व नगर निगम के कार्यक्रमों का प्रचार प्रसार करेगा, साथ ही निजी संस्थाओं के विज्ञापनों का प्रसारण भी किया जाएगा। अभी इलाइट चौराहे पर एक एलईडी लगाई जा चुकी है, जिसके यातायात मानकों के विपरीत लगे होने पर उंगलियां उठ चुकी हैं। अब दो और एलईडी लगनी हैं।
अपर नगर आयुक्त रोहन सिंह ने बताया कि एक एलईडी बीकेडी चौराहे पर लगेगी, जबकि दूसरी चित्रा चौराहे, जेल चौराहे व कचहरी चौराहे में से किसी एक जगह लगेगी।
पीपीपी मॉडल के तहत लगने वाली इन एलईडी में भी खेल हुआ है। आमतौर पर पीपीपी मॉडल पर होने वाले कार्यों को पैसा खर्च करने वाला व्यक्ति अथवा संस्था द्वारा खुद ही कराया जाता रहा है। लेकिन, नगर निगम ने पीपीपी मॉडल के तहत लगने वाली एलईडी का काम अपने हाथ में ले लिया है।
नगर निगम से जुड़े सूत्रों ने बताया कि एक विज्ञापन एजेंसी द्वारा लगाई जा रही एलईडी को लगाने के लिए नगर निगम ने 75 लाख रुपये पहले जमा करा लिए थे। निगम इस पैसे से खुद ही तीन एलईडी खरीदी हैं।