झांसी। कोरोना कर्फ्यू के कारण कामकाज ठप चल रहा है। बिजली उपभोक्ताओं के मीटरों की रीडिंग लेकर बिल उपलब्ध कराने का काम प्रभावित न हो, इसलिए बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर पास जारी करने की मांग की है।
कोरोना कर्फ्यू के कारण कामकाज बंद हो गए हैं। सरकारी कार्यालयों में उपस्थिति भी बहुत कम हो गई है। बिजली विभाग में भी कई कर्मचारी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। कोविड महामारी को ध्यान में रखते हुए मीटर रीडरों द्वारा मौके पर उपभोक्ताओं के बिजली मीटरों की रीडिंग कर बिल उपलब्ध कराने के लिए, बिलिंग सेंटरों पर कार्यरत कर्मचारियों तथा बिजली आपूर्ति से संबंधित कर्मचारियों को कोरोना कर्फ्यू अवधि में कार्य करने के लिए विशेष अनुमति की जरूरत है। बिजली बिलिंग कर रही कार्यदायी संस्था द्वारा भेजी गई मीटर रीडरों एवं संविदा कर्मचारियों की सूची में दर्ज कर्मचारियों को आंशिक कोरोना कर्फ्यू अवधि में कार्य करने की जिलाधिकारी से अनुमति मांगी है तथा कर्मचारियों को कोविड- 19 पास जारी करने की मांग की है।
अधीक्षण अभियंता एसआर गर्ग ने बताया कि उपभोक्ताओं को मीटरों की रीडिंग कर बिल उपलब्ध कराने, बिलिंग सेंटरों पर कार्यरत कर्मचारियों तथा बिजली आपूर्ति व्यवस्था से संबंधित कर्मचारियों को कर्फ्यू अवधि में अनुमति प्रदान करने करने की मांग की है। जल्द ही स्वीकृति मिल जाएगी।