झांसी। कई लंबित मांगों के अब तक पूरा न होने से नाराज मनरेगाकर्मियों ने सोमवार को सीडीओ को ज्ञापन सौंपते हुए हड़ताल पर जाने का अल्टीमेटम दिया। मनरेगाकर्मियों ने कहा मांग पूरी न होने पर 20 मई से वह कलमबंद हड़ताल करेंगे। उप्र मनरेगा कार्मिक कल्याण संघ के बैनर तले ज्ञापन सौंपते हुए मनरेगाकर्मियों ने कहा पिछले कई वर्षों से वह तमाम मांगों को लेकर आंदोलित हैं लेकिन, सरकार सुनवाई नहीं कर रही है। एचआर पॉलिसी न होने से मनरेगाकर्मियों को नुकसान उठाना पड़ रहा। मनरेगाकर्मियों के मानदेय से ईपीएफ मद में नियमित कटौती हो रही है लेकिन, उनके खाते में पैसा जमा नहीं हो रहा। इसके अलावा मनमाने तरीके से कर्मियों को रखने एवं निकालने का काम भी जैम पोर्टल के जरिए हो रहा है। मनरेगाकर्मियों ने जल्द एचआर पॉलिसी लागू करने, मानदेय सुनिश्चित करने, ईपीएफ में हो रही कटौती को खाते में जमा कराने की मांग की। मांग पूरी न होने पर 20 से कलमबंद हड़ताल का अल्टीमेटम दिया है। सीडीओ शैलेष कुमार ने सहनुभूति पूर्वक विचार करने का भरोसा दिलाया। इस दौरान जिलाध्यक्ष राजेश नामदेव, रोजगार सेवक संघ जिलाध्यक्ष जीतन सिंह यादव, जिलाध्यक्ष लेखा सहायक संघ सैंकी कपूर, नासिर अहमद, पुरूषोत्तम रावत समेत अन्य उपस्थित थे।