संवाद न्यूज एजेंसी
मोंठ। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से सोमवार को कस्बे में नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में नगर के अग्रज इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
इससे पूर्व रैली का शुभारंभ कस्बा स्थित ओम शांति आश्रम से हुआ। यहां से रैली नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। विद्यार्थियों के हाथों में नशा मुक्ति से संबंधित स्लोगन लिखीं तख्तियां थीं। रैली के माध्यम से लोगों से नशे की आदत छोड़कर स्वस्थ एवं बेहतर जीवन अपनाने की अपील की गई। विद्यार्थियों ने लोगों को समझाया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। ओम शांति आश्रम में रैली का समापन हुआ। इस दौरान आश्रम की संचालिका मंजू ने कहा कि नशा समाज के लिए गंभीर समस्या है। युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को मिलकर प्रयास करना होगा। इस दौरान कोतवाल धर्मेंद्र सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।