झांसी। जीएसटी दस्ते ने बरुआसागर तिराहे के पास धर-पकड़ करते हुए एक कार से 300 ग्राम सोने के आभूषण समेत कुल 21 किलो चांदी बरामद की है। इससे संबंधित कागजात मांगने पर कार चालक इनकी रसीदें नहीं दिखा सका। बाजार में सोने की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है। दस्ते ने यह आभूषण सीज करके उनको जमा करा दिया है।
जीएसटी स्टेट असिस्टेंट कमिश्नर संतोष तिवारी की अगुवाई में सचल दल (द्वितीय) ने सुराग मिलने पर सोमवार रात को बरुआसागर तिराहे पर एक कार रोकी। तलाशी लेने में कार में सीट के अंदर 300 ग्राम वजनी सोने के आभूषण छिपाकर रखे गए थे। इसके अलावा सात किलो चांदी की सिल्ली, सात किलो कच्ची चांदी एवं सात किलो चांदी के जेवरात बरामद हुए। जीएसटी अधिकारियों ने इसकी रसीदें मांगी लेकिन, कार चालक रसीदें नहीं दिखा सका। जीएसटी दस्ते ने यह आभूषण सीज करके उसे जमा करा दिया है। अपर आयुक्त ग्रेड वन भानु प्रकाश मिश्र का कहना है कि सभी आभूषणों को सीज करके आगे की कार्रवाई कराई जा रही है।