नगर निगम की दुकानों की दुकानें सिकमी किराएदारों को देने और मरम्मत को लेकर महापौर के प्रस्ताव को नगर निगम सदन ने खारिज कर दिया। इस प्रस्ताव पर सदन में कई घंटे हंगामा हुआ। विपक्षी पार्षदों की लामबंदी के आगे भाजपा पार्षदों का संख्या बल भी काम नहीं आया। प्रस्ताव के पक्ष में महापौर की अपील को अनसुना करते हुए पार्षदों ने इसे ठुकरा दिया। अब प्रस्ताव में सुधार किया जाएगा। इस पर चर्चा के लिए 20 नवंबर की विशेष बैठक बुलाई गई है। करीब नौ घंटे चली मैराथन बैठक में निर्माण संबंधी कई प्रस्ताव पारित किए गए हैं।
बैठक महापौर रामतीर्थ सिंघल की अध्यक्षता में आरंभ हुई। सिकमी किराएदारों को नगर निगम दुकान देने एवं पुरानी दुकानों की मरम्मत संबंधी प्रस्ताव आते ही हंगामा शुरू हो गया। पार्षद जुगल किशोर की अगुवाई में बसपा, सपा एवं निर्दलीय पार्षदों ने हंगामा शुरू कर दिया। दीपू सिंह यादव, उमेश जोशी, कन्हैया कपूर समेत अन्य पार्षद इसकी आड़ में अवैध कब्जेधारकों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाने लगे। महापौर ने विरोध कर रहे पार्षदों को समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। उधर, भाजपा पार्षद प्रस्ताव के पक्ष में खुलकर सामने नहीं आए। विपक्षी पार्षदों के तीखे तेवरों के बाद भाजपा पार्षद दल के नेता दिनेश सिंह समर्थन के लिए आगे आए, लेकिन तब विपक्षी पार्षद वोटिंग पर अड़ गए। महापौर वोटिंग कराने पर राजी नहीं हुए। इसके अलावा बैठक में अवैध कब्जे, गंदे पेयजल आपूर्ति, सफाईकर्मियोें की कमी समेत अन्य मामले छाए रहे। पार्षदों ने निगम अफसरों पर इनकी सुनवाई न करने का आरोप लगाया।
गंदा पानी लेकर सदन में पहुंचे पार्षद
गंदे पानी की आपूर्ति से परेशान सीपरी बाजार क्षेत्र से पार्षद उमेश जोशी अपने साथ बोतल में गंदा पानी लेकर सदन में पहुंचे। सदन की कार्रवाई के बीच ही पानी की बोतल लहराते हुए उन्होंने इसके लिए जल संस्थान के अधिकारियों को दोषी ठहराया। पार्षद के मुताबिक सीपरी बाजार स्थित कारगिल पार्क के पास नाले से गुजरती पाइप लाइन कई माह पहले क्षतिग्रस्त हो गई लेकिन, आज तक उसकी मरम्मत नहीं कराई गई। पार्षद की शिकायत पर अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर हंगामा
पार्षदों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर जमकर बवाल काटा। पार्षदों ने आरोप लगाया कि संबंधित जेई मनमानी रिपोर्ट बनाते हैं। गुणवत्ता पर भी ध्यान नहीं रखा जाता। महापौर ने इस पर नाराजगी जताते हुए उनको नियमित डायरी बनाने के निर्देश दिए।
अवैध कब्जे की शिकायतों की रही भरमार
सदन की बैठक के दौरान पार्षदों ने नगर निगम की भूमि में अवैध कब्जों की शिकायत की। पार्षदों का कहना था कि मिलीभगत करके इन अवैध कब्जों को बढ़ावा दिया जा रहा। सीपरी बाजार स्थित कांजी हाउस में अवैध कब्जे की बात कही गई। पार्षद उमेश जोशी ने खाता संख्या-2085 में 19 एकड़ जमीन के बारे में पूछा लेकिन निगम अधिकारी इस संबंध में कोई जवाब नहीं दे सके। नगर आयुक्त ने मामले की जांच कराए जाने का भरोसा दिलाया। प्राइवेट कॉलोनियों में निर्माण कार्य कराए जाने पर भी पार्षदों ने सवाल उठाए।
ओपन एयर जिम में शुल्क लगाए जाने की तैयारी
नगर निगम ने ओपन एयर जिम में प्रवेश के लिए पांच रुपये तक शुल्क लगाए जाने की तैयारी की है। सदन में ओपन एयर जिम के रखरखाव पर चर्चा हुई। महापौर ने भी यहां लगे उपकरणों के क्षतिग्रस्त हो जाने पर नाराजगी जताते हुए इसकी मरम्मत कराकर इसे जल्द आरंभ कराने पर जोर दिया। उन्होंने उपकरणों की सुरक्षा के लिए कर्मचारी समेत शुल्क का प्रस्ताव दिया।
10 हजार आबादी पर 28 सफाईकर्मी
कई पार्षदों ने क्षेत्र में सफाईकर्मियों की कमी की शिकायत की। नगर आयुक्त मनोज कुमार ने पार्षदों को बताया कि हेल्थ मैनुअल के मुताबिक 10 हजार आबादी पर 28 सफाईकर्मियों का प्रावधान है। इसे लागू करने की कोशिश की जा रही है।
सदन ने मंजूर किए यह प्रस्ताव
- अटल पथ के सुंदरीकरण का कार्य
- सीपरी बाजार रस बहार चौराहे का नाम होगा श्रीगुरू नानक देव चौक
ये होगा जुर्माना
पार्क में गंदगी फैलाने वालों से वसूला जाएगा जुर्माना
- पार्कों में प्रतिबंधित पॉलीथिन लेकर प्रवेश करने वालों पर 100 रुपये जुर्माना
- पार्क में पान, गुटखा खाने वालों से 100 रुपये
- पार्क में सिगरेट पीने वालों से 200 रुपये
- पार्क में शराब का सेवन करने वालों से 2000 रुपये जुर्माना
जलाशय के लिए नौ स्थानों पर दी गई भूमि
नगर निगम सदन ने जलाशय बनाए जाने के लिए नौ स्थान जल निगम को निशुल्क देने पर सहमति जताई है। इनमें सिल्वर्टगंज के गढ़ियागांव, नरसिंहराव टौरिया में झांसी खास, दरीगरान में नया गांव, दरीगरान में झांसी खास, खंडेराव गेट में झांसी सिविल, सागर गेट में डडियापुरा, तालपुरा में मौजा तालपुरा, हंसारी में हंसारी, बिजौली में बिजौली खास की भूमि चयनित की गई है। यहां अमृत योजना के तहत जलाशय बनाए जाने का रास्ता साफ हो गया है।
नगर निगम सीमा में शामिल होंगे 22 गांव
नगर निगम सीमा में 22 गांव शामिल किए जाने के प्रस्ताव को सदन ने मंजूर कर लिया। सीमा बढ़ोत्तरी के बाद से निगम सीमा में 15520 हेक्टेयर का इजाफा हो जाएगा। इस संबंध में 2016 में प्रस्ताव भेजा जा चुका था। महापौर रामतीर्थ सिंघल के मुताबिक तीन माह के भीतर अधिसूचना जारी होने की उम्मीद है।