अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। राजकीय आयुर्वेद कॉलेज में उपचार के लिए आने वाले रोगियों का दवाओं के लिए इंतजार मंगलवार तक खत्म हो जाएगा। आयुष विभाग ने दवाएं खरीदने के लिए 7 लाख रुपये स्वीकृत कर दिए हैं। कॉलेज ने दवाओं की सूची भेज दी है, जो सोमवार को स्वीकृत होकर आएंगी यानी मंगलवार तक कॉलेज में दवाएं आ जाएंगी।
आयुर्वेद कॉलेज में छह माह पहले 20 लाख रुपये की 80 तरह की दवाएं आईं थी, जो 15 दिन पहले खत्म हो गईं। कॉलेज प्रशासन लगातार आयुष विभाग को दवाएं खत्म होने के बारे में लिखता रहा। दूसरी तरफ रोगियों को बाजार से दवाएं खरीदनी पड़ रही थीं। आयुर्वेद कॉलेज की ओपीडी में रोजाना 250 से 300 रोगी उपचार के लिए आते हैं। साथ ही भर्ती होने वाले रोगियों को भी दवाएं नहीं मिल रही थीं।
आधिकारिक सूत्र बताते हैं कि विगत दिनों आयुष विभाग के उच्चाधिकारियों ने तत्काल 7 लाख रुपये की दवाएं खरीदने का बजट जारी कर दिया। कॉलेज प्राचार्य डॉ. राम कृष्ण राठौर ने बताया आयुष विभाग ने 7 लाख रुपये की दवाएं खरीदने का बजट मंजूर कर दिया है। कॉलेज ने खरीदी जाने वाली दवाओं को सूची भेज दी है। मंगलवार तक कॉलेज में दवाएं आ जाएंगी।